नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल नौ नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंत्रियों को शपथ दिलाई। सारे मंत्री भाजपा से ही संबंधित हैं। इसके अतिरिक्त चार मंत्रियों- धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल, निर्मला सीतारमण और मुख्तार अव्वास नकवी के विभागों में फेरबदल कर उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। राष्ट्रपति ने इन्हें भी शपथ दिलाई।
सहयोगी दलों- जेडीयू, शिवसेना, और टीडीपी से किसी को भी मंत्रिमंडल विस्तार में जगह नहीं दी गई है। इससे नाराज होकर शिव सेना ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया। सरकार में मंत्री रहीं उमा भारती ने भी शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया। त्यागपत्र ले लिए जाने के कारण वे काफी नाराज बताई जा रही हैं।
शपथ ग्रहण करने वाले नए मंत्रियों में शिव कुमार शुक्ल, अश्विनी चौबे (बिहार), वीरेंद्र कुमार (मध्य प्रदेश), अनंत कुमार हेगड़े (कर्नाटक), राजकुमार सिंह (बिहार), हरजीत सिंह पुरी, गजेंद्र सिंह शेखावत (राजस्थान), सत्यपाल सिंह (बागपत) और केजे एल्फोंस (केरल) शामिल हैं। हरजीत सिंह पुरी और केजे एल्फोंस पूर्व नौकरशाह हैं। मंत्रियों के विभागों की घोषणा बाद में की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने संतोषजनक कार्य नहीं करने पर हाल ही में कुछ मंत्रियों से त्यागपत्र मांगे थे, जिनमें से 6 मंत्रियों- महेंद्र नाथ पांडे, कलराज मिश्र, संजीव बालयान, राजीव प्रताप रुड़ी, ऊमा भारती, फगन सिंह कुलस्ते ने त्यागपत्र दे दिए हैं। माना जा रहा था कि इनमें ऊमा भारती को वापस ले लिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।