नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल में नौ नए मंत्रियों को शामिल किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार सभी नए मंत्री भाजपा से संबंधित होंगे। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मंत्रिमंडल के इस विस्तार में जनता दल युनाइटिड (जेडीयू), शिवसेना, और टीडीपी से किसी भी नेता को नहीं लिया गया है।
भाजपा हाईकमान से जुड़े सूत्रों के अनुसार जिन सांसदों/नेताओं के नाम मंत्रिमंडल के लिए फाइनल हुए हैं उनमें- शिव कुमार शुक्ला, अश्विनी चौबे (बिहार), वीरेंद्र कुमार (मध्य प्रदेश), अनंत कुमार हेगड़े (कर्नाटक), राजकुमार सिंह (बिहार), हरजीत सिंह पुरी, गजेंद्र सिंह शेखावत (राजस्थान), सत्यपाल सिंह (बागपत) और केजे एल्फोंस (केरल) शामिल हैं। हरजीत सिंह पुरी और केजे एल्फोंस पूर्व नौकरशाह हैं। इन्हें कौन- कौन से मंत्रालय दिए जाएंगे, इसकी घोषणा रविवार को प्रातः 10: 30 बजे ही की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने संतोषजनक कार्य नहीं करने पर हाल ही में कुछ मंत्रियों से त्यागपत्र मांगे थे, जिनमें से 6 मंत्रियों- महेंद्र नाथ पांडे, कलराज मिश्र, संजीव बालयान, राजीव प्रताप रुड़ी, ऊमा भारती और फगन सिंह कुलस्ते ने त्यागपत्र दे दिए हैं। क्या इनमें सभी की छुट्टी होगी या कुछ को अभयदान भी मिलेगा, इसका पता भी रविवार को ही चलेगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल में कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किए जाने की भी चर्चाएं हैं। कुछ मंत्रियों की पदोन्नतियां होंगी तो कुछ का कद छांटा जा सकता है।