शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गठित थर्डफ्रंट ‘हिमाचल लोक मोर्चा’ ने बुधवार को विधानसभा का घेराव करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ
‘हिमाचल लोक मोर्चा’ के घटक दल- हिलोपा, सीपीआईएम और सीपीआई के प्रदेश भर से पहुंचे हजारों कार्यकर्ता प्रात: पंचायत भवन में एकत्रित हुए और वहां से विशाल जुलूस के रूप में विधानसभा की ओर चले। विधानसभा के सामने धरना-प्रदर्शन करने के बाद सभी ने चौड़ा मैदान में एक विशाल रैली की, जिसे सीपीआईएम के प्रदेश सचिव राकेश सिंघा और हिलोपा के अध्यक्ष महेश्वर सिंह आदि ने संबोधित किया। दोनों ने आरोप लगाया कि धूमल सरकार आम जनता के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि ‘हिमाचल लोक मोर्चा’ प्रदेश में जनता के सामने सशक्त तीसरा विकल्प पेश करेगा और चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को पराजित कर सत्ता पर काबिज होगा।
राकेश सिंघा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस की जन विरोधी नीतियों के कारण आम जनता बहुत परेशान है और बड़ी बेसब्री से किसी तीसरे विकल्प की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि हिलोपा, सीपीआईएम और सीपीआई पर आधारित ‘हिमाचल लोक मोर्चा’को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है, जिससे साफ झलक रहा है कि विधानसभा चुनाव में यह मोर्चा कांग्रेस और भाजपा को करारी शिकस्त देगा।
हिलोपा के अध्यक्ष महेश्वर सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि धूमल सरकार प्रदेश में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। सरकार की कुनीतियों के कारण यहां किसानों और बागवानों की हालत निरंतर दयनीय होती जा रही है। उनकी फसलों के लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहे और किसानों को बंदरों और अन्य जंगली जानवरों से अपनी फसलें बचानी मुश्किल हो गई हंै। प्रदेश सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में इस दिशा में कोई भी प्रयास नहीं किया। यही नहीं सरकार ने ग्रामीणों के टीडी के अधिकार समाप्त कर दिए गए हैं, जिस कारण गांवों में लोगों को अपने घरों की मुरम्मत तक करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ एक लहर सी चल पड़ी है और ‘हिमाचल लोक मोर्चा’ को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है।
बाद में प्रर्दशनकारी नारेबाजी करते हुए वापस विधानसभा की ओर आए। पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने के लिए पहले पानी की तेज बौछारें फैंकी और फिर हल्का बल प्रयोग करते हुए सैकड़ों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
विधानसभा के बाहर ‘थर्डफ्रंट’ का जोरदार प्रदर्शन
Advertisement