शिमला। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित भव्य समारोह में जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व अप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण अडवाणी, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सहित विभिन्न 10 राज्यों के मुख्यमंत्री, अनेक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह के गवाह बने।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मुख्यमंत्री के अतिरिक्त 11 कैबिनेट मंत्रियों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वालों में- सुरेश भारद्वाज (शिमला), अनिल शर्मा(मंडी सदर), महेंद्र सिंह (धर्मपुर), विपिन परमार (सुलह), गोबिंद ठाकुर(मनाली), विक्रम सिंह (जसवां परागपुर), सरवीन चौधरी (शाहपुर), वीरेंद्र कंवर (कुटलैहड़), राजीव सैजल (कसौली), राम लाल मार्कंडेय (लाहौल-स्पीति) और किशन कपूर (धर्मशाला) शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के देवेंद्र फड्णवीस, असाम के सर्वानंद सोनोवाल, अरुणाचल प्रदेश के प्रेमा कुंडू, जम्मू- कश्मीर के उपमुख्यमंत्री डा. निर्मला सिंह आदि प्रमुख थे।
इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए ऐतिहासिक रिज मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरा रिज मैदान और मालरोड लोगों के साथ खचाखच भरा हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी बड़ी हस्तियों ने नए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि यह सरकार प्रदेश में विकास को नई उंचाइयां प्रदान करेगी।