रिकांगपियो। मनाली-रोहतांग मार्ग पर जगह-जगह हुए भू-स्खलन के कारण रोहतांग के निकट रानीनाला में लगभग एक हजार लोग पिछले 18 घंटों से भूखे प्यासे फंसे हुए हैं। इनमें बड़ी संख्या में पर्यटक हैं जो रोहतांग पास में बर्फ का आनंद उठाने के लिए घूमने निकले थे। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के जवान रास्ता खोलने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन लगातार होते जा रहे भूस्खलन के कारण कामयाब नहीं हो पाए हैं। रात को ठंड बढ़ जाने के कारण लोगों की हालत और खराब हो रही है।
Advertisement
लाहौल स्पीति जिला परिषद के सदस्य रिंगजन हायरप्पा भी इन्हीं लोगों साथ फंसे हैं। शनिवार रात करीब नौ बजे इस संवाददाता को फोन कर उन्होंने बताया कि प्रात: लगभग चार बजे भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध हो जाने के कारण वे सभी रोहतांग पास के निकट रानीनाला में फंस गए। लगातार भूस्खलन के कारण सीमा सड़क संगठन के जवानों को यातायात बहाल करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहां खाने पीने की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों का बुरा हाल है। स्थानीय लोग खाद्य पदार्थों के मनमाने दाम वसूल रहे हैं। मक्की का एक-एक भुट्टा 35 से 40 रुपये में बेचा जा रहा है।
रिंगजन हायरप्पा ने फोन पर बताया कि इस क्षेत्र में लगभग 300 गाडिय़ां फंसी हैं। रात को कड़ाके की सर्दी में लोगों का बुरा हाल हो रहा है।
पुलिस अधीक्षक अशोक ठाकुर ने पूछने पर बताया कि शीघ्र ही लोगों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।