जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम 16 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक श्रद्धालु घायल हैं। आरंभिक सूचनाओं के मुताबिक यह अभागी बस रविवार दोपहर जम्मू से पहलगाम की ओर जा रही थी कि बनिहाल के नजदीक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सेना के जवान तुरंत राहत और बचाव कार्यों के लिए मौके पर पहुंचे और मृतकों के शवों और घायलों को मुख्य सड़क तक पहुंचाया। घायलों में घायलों में 19 की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें उपचार के लिए हेलिकाप्टर द्वारा जम्मू पहुंचाया गया है। सामान्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।
बचाव कार्यों में स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया, जो हिंदू- मुस्लिम भाईचारे की एक मिसाल है। घटना स्थल से और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
आतंकी हमले में मृतकों की संख्या 8 हुई- जम्मू। कश्मीर के अनंतनाग में बीते सोमवार को अमरनाथ यात्रा से लौट रही बस पर हुए आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़ कर 8 हो गई है। इस हमले में घायल एक और महिला की रविवार को अस्पताल में मृत्यु हो गई है।