उत्तरकाशी। मॉनसून लौटने के साथ प्राकृतिक आपदा का भय समाप्त होते ही उत्तराखंड के
गंगोत्री- यमुनोत्री धामों में पिछले कुछ दिनों से एक हजार तीर्थयात्री प्रतिदिन दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरी ने बताया कि बरसात में आपदा के डर से बीते दो माह में वहां एक तरह से सन्नाटा ही छाया हुआ था। लेकिन मॉनसून के लौटते ही 15 सितंबर के बाद यहां देश विदेश से काफी तीर्थ यात्री पहुंचने लगे हैं।
गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष भागेश्वर प्रसाद सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम में काफी समय बाद सन्नाटा टूटा है। अब काफी यात्री गंगोत्री धाम और होटलों में रुक रहे हैं। पर्यटन उद्योग के लिए यह अच्छे संकेत हैं। हिमपात होने तक यहां अच्छा कारोबार हो सकता है।