देहरादून (रुड़की)। मजदूर ने अमीर महिला को फंसाने के लिए फेसबुक पर मर्सिडीज के साथ फोटो डाल दिया। झांसे में आकर महिला ने भी उससे शादी कर ली। ससुराल पहुंची तो हकीकत देख कर सकते में आ गई और मामला थाने में पहुंच गया।
रुड़की जिला में गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के तहत रामपुर गांव का एक युवक जो मजदूरी करता है, दिल्ली की एक अमीर घर की महिला को प्रेम जाल में फंसाना चाहता था। दोनों की फेसबुक के माध्यम से ही जान पहचान थी। युवक ने महिला को फंसाने के लिए मर्सिडीज के साथ फोटो खींच कर फेसबुक पर डाल दिया, जिस पर महिला उसके प्रेम के झांसे में आ गई। एक साल तक प्यार चलने के बाद उन्होंने दिल्ली में शादी कर ली।
इसके बाद दोनों दिल्ली में ही किराये के मकान में रहने लगे। रमजान में युवक अपने गांव रामपुर आ गया तो उसके पीछे- पीछे पत्नी भी ससुराल आ गई। ससुराल में घर की हालत देखकर उसके होश उड़ गये। वहीं उसे पता चला कि उसका पति तो केवल मजदूर है। महिला ने तुरंत हंगामा शुरू कर दिया, जिस पर युवक और उसके परिजनों के हाथ पांव फूल गये। उस समय तो युवक ने पत्नी को किसी तरह से शांत किया।
घटना के बाद पत्नी ने उसे महंगे शोरूम में शॉपिंग कराने के लिए कहा। युवक उसे रुड़की के एक शोरूम में ले गया, लेकिन उसने दिल्ली के शोरूम में शॉपिंग कराने के लिए कहा। जब युवक ने इससे इंकार किया तो वह हंगामा करने लगी। अंतत: मामला कोतवाली गंगनहर पहुंचा।
पुलिस ने युवती से पूछताछ की तो उसने पुलिस को बताया कि उसे धोखा देकर शादी की गई है। उसने पति पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच में महिला का पासपोर्ट देखा तो पाया कि युवती कई बार सऊदी अरब जा चुकी है। पुलिस ने जब गहनता से जांच की तो यह भी पता चला कि युवती पहले भी दो बार शादी कर चुकी है। इस युवक के साथ उसकी तीसरी शादी है।
पुलिस की जांच में साफ हो गया कि दोनों ने रुपयों के लालच में एक- दूसरे को धोखा देकर शादी की थी। पुलिस ने इस पर दोनों की खूब खबर ली। अंततः दोनों दंपती कोतवाली से चुपचाप लौट गये। प्रभारी निरीक्षक एश्वर्य पाल ने बताया कि दोनों ही एक- दूसरे को धोखा दे रहे थे। सच्चाई सामने आने के बाद दोनों ही वापस लौट गये।