शिमला। कोटखाई में नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप और हत्या के खौफनाक मामले में छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने कर दी है। पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल और आईजी जहूर एच जैदी ने वीरवार को मीडिया के समक्ष खुलासा किया कि सभी अभियुक्तों को कोटखाई से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों की पहचान कोटखाई निवासी आशीष चौहान (29) व राजेंद्र सिंह राजू (32), गढ़वाल निवासी सुभाष (42) व दीपक उर्फ दीपू (38) और नेपाल निवासी सूरत (29) व लोकजन (19) के तौर पर हुई है ये सभी हलाइला में ही रहते थे।
उन्होंने कहा कि अभियुक्तों से गहन पूछताछ चल रही है। पुख्ता सबूत जुटाने के लिए इन्हें मौके पर भी घुमाया जा सकता है तथा इस मामले में अभी कुछ और गिरफ्तारियां भी संभव है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वारदात के दिन अभियुक्त राजेंद्र सिंह अपनी गाड़ी में चार दोस्तों के साथ कहीं जा रहा था। सभी नशे में थे। इसी दौरान यह दसवीं की छात्रा रास्ते में मिल गई, जो राजेंद्र को जानती थी। गाड़ी रोकने पर छात्रा उसमें बैठ गई। आगे जाने पर उनकी नीयत बिगड़ गई और उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में इस कड़ी में कुछ और लोग भी जुड़े। इस दरिंदगी में ही छात्रा की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि वारदात के बाद अभियुक्तों ने छात्रा के शव को नेपालियों की बस्ती के नजदीक फैंककर जांच की दिशा को बदलने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस की सूझबूझ के कारण अंततः गिरफ्त में आ गए।
एसआईटी में एएसपी भजन देव नेगी के अलावा डीएसपी मनोज जोशी, रतन नेगी, एसएचओ बाबू राम ढली, धर्म सिंह छोटा शिमला, राजेंद्र ठियोग एएसआई रजनीश समेत कई अधिकारी शामिल थे। पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल और आईजी जहूर एच जैदी ने इस सफलता के लिए एसआईटी को बधाई दी है।