शिमला नगर निगम चुनाव का रोस्टर तय हो गया है। उपायुक्त की देखरेख में पर्ची निकाल कर वार्डों का आरक्षण तय हुआ। नए रोस्टर ने कई सीटिंग पार्षदों को मैदान से बाहर कर दिया है। नगर निगम के वार्ड अनाडेल और कृष्णा नगर अनुसूचित जाति की महिला के लिए, जबकि वार्ड फागली और खलीनी अनुसूचित जाति के पुरुषों के लिए आरक्षित हुए हैं।
इसके अलावा वार्ड भराड़ी, रुलदूभट्टा, कैथू, समरहिल, टुटू, बालूगंज, टूटीकंडी, राम बाजार, लोयर बाजार, संजौली चौक और कुसुम्पटी जनरल महिलाओं के लिए आरक्षित हुए हैं। नाभा, जाखू, बैनमोर, इंजनघर, ढली, चम्याणा, मल्याणा, छोटा शिमला, पटयोग और कनलोग वार्ड ओपन रखे गए हैं।
नया रोस्टर लागू होने से 12 सीटिंग पार्षद अब अपने वार्डों से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। कांग्रेस से जुड़े 6 पार्षद-जितेंद्र चौधरी, सुधीर आजाद, देवराज शर्मा, महेश्वर चौहान, मधु सूद व कुसुमलता और भाजपा के चार पार्षद-प्रदीप कश्यप, संजय सूद, नवीन सूद व सागर चंद तथा माकपा के पार्षद धनीराम कश्यप और मीरा शर्मा रोस्टर के लपेटे में आ गए हैं। चुनाव लडऩे के लिए इन्हें कोई दूसरा वार्ड तलाशना पड़ेगा।
शिमला नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव पहली बार सीधे चुनाव से होने जा रहे हैं। इस बार के लिए यह दोनों ही पद ओपन रखे गए हैं। उपायुक्त के अनुसार अगले चुनाव में मेयर का पद महिला के लिए, उससे अगले चुनाव में अनुसूचित जाति और उससे अगले चुनाव में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित होगा।