विधानसभा में विपक्ष की नेता विद्या स्टोक्स ने आरोप लगाया है कि धूमल सरकार ने भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ दी हैं तथा धड़ाधड़ गैर हिमाचलियों को कौडिय़ों के दाम जमीनें बेची जा रही हैं। देवभूमि का कतरा-कतरा साहूकारों के हाथों गिरबी रख दिया गया है। उपचुनाव में प्रचार के लिए आईं कांग्रेस नेता विद्या स्टोक्स बुधवार को नालागढ़ में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सोलन जिले में सबसे ज्यादा भूमि बाहरी राज्यों के साहुकारों को बेची गई है तथा प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने प्रापर्टी डीलिंग में करोड़ों रुपए का मुनाफा कमाया है।
उन्होंने कहा कि आज भ्रष्टाचार के कारण भाजपा में फूट पड़ी हुई है। भाजपा के असंतुष्टों द्वारा बनाया गया भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा इसका एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नालागढ़ और रेणुका के उपचुनावों में भाजपा को जमीनी हकीकत का पता चल जाएगा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने भाजपा से प्रश्न किया कि उसने नालागढ़ में कौन सा विकास किया है, उसका एक उदाहरण तो दे। उन्होंने कहा कि भाजपाई दिवंगत विधायक हरिनारायण सैणी के नाम का प्रचार कर वोट मांग रहे हैं, जबकि यह सभी जानते हैं कि भाजपा ने स्व.सैणी के साथ हमेशा प्रताडऩा वाला व्यवहार किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार टोल टैक्स नहीं हटवा सकी, जबकि उसने इसका लोगों से वादा किया था। आज नालागढ़ में बस अड्डे का मुद्दा ठंडे बस्ते में है और प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है।
इस मौके पर उनके साथ नगर परिषद अध्यक्ष अल्का वर्मा सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।