शिमला। हिमाचल प्रदेश में हत्याओं और बलात्कार सहित अन्य गंभीर अपराधों की बढ़ती वारदातों को लेकर कांग्रेस ने जयराम सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया है कि जयराम सरकार की लगाम पूरी तरह आरएसएस के हाथ में है। अन्य भाजपा शासित राज्यों की तरह यहां भी अब आरएसएस कार्यकर्ता बेखौफ होकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं तथा इसी कारण जयराम सरकार के चार माह के काल में 75 बलात्कार और 25 हत्याओं सहित अनेक संगीन मामले प्रकाश में आए हैं।
प्रदेश में हाल ही में नृशंस हत्याओं की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। सोलन जिला के कसौली में अदालत के आदेश पर अतिक्रमण हटाने गई महिला अधिकारी शैल बाला की भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके बाद कांगड़ा जिला के ज्वाली में हुए गोलीकांड में दो युवकों की मौत हो गई और अब बद्दी में पूर्व कांग्रेस विधायक राम कुमार के चचेरे भाई हरजिंद्र पाल उर्फ बिट्टू की घातक हथियारों से पीटने के बाद गाड़ी से बार-बार कुचलकर हत्या कर दी गई। कांग्रेस का आरोप है कि इस हत्या में आरएसएस का हाथ है।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एक बयान जारी कर कहा कि लगता है शांत हिमाचल को अशांत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पहले कसौली, फिर कांगड़ा और अब बद्दी में हुई घटना से साफ है कि प्रदेश में ऐसे अपराधों की श्रृंखला बनती जा रही है, जो बिगड़ती कानून व्यवस्था को बयां कर रही है। उन्होंने कहा कि बद्दी में कारोबारी की निर्मम हत्या के पीछे आरएसएस के एक नेता का हाथ है।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अभी तक स्वागत समारोहों और जश्न में ही डूबी हुई है। सत्ता में आते ही सरकार ने पहले अधिकारियों व कर्मचारियों के अंधाधुंध तबादले कर हाहाकार मचा दिया और अब अपराधिक वारदातों का बोलबाला हो गया है। कानून व्यवस्था की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह ‘सुक्खू’ ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जयराम सरकार के संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सरकार की शह पर ही बद्दी में आरएसएस कार्यकर्ता ने पूर्व कांग्रेस विधायक के भाई की हत्या की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अपराधों पर यदि तुरंत लगाम नहीं लगी तो सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने बयान जारी कर कहा कि प्रदेश सरकार के चार माह के कार्यकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस दौरान 75 बलात्कार, 25 हत्याओं सहित अनेक संगीन मामले सामने आए हैं। इस लिहाज से राज्य में प्रतिदिन एक बड़ा अपराध हो रहा है। उन्होंने कहा कि बद्दी में सुनियोजित तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, जिसमें पुलिस की बड़ी नाकामी है। यह मामला पहले से ही पुलिस के संज्ञान में था, लेकिन इसे जानबूझ कर नजरंदाज किया गया। इस तरह की घटनाएं प्रदेश के लिए एक बड़े खतरे का संकेत है।