शिमला। सीपीआई (एम) शिमला नगर निगम के सभी वार्डों में ग्राम सभाओं की तर्ज पर हर तीन माह में वार्ड सभाओं का आयोजन करेगी और इसके अतिरिक्त सामाजिक कार्यकर्ताओं, सेवानिवृत्त अधिकारियों, बुद्धिजीवियों तथा अन्य वरिष्ठ नागरिकों के सहयोग से वार्ड कमेटियों का गठन किया जाएगा। वार्ड सभाओं व वार्ड कमेटियों से आने वाले सुभावों के अनुरूप ही शहर में विकास कार्य किए जाएंगे। माकपा के राज्य सचिवालय सदस्य डा. कुलदीप सिंह तंवर ने यह घोषणा सोमवार को नगर निगम चुनावों के लिए तैयार पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए की।
Advertisement
उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता ने यदि निगम की सत्ता चलाने का मौका दिया तो माकपा आम जनता के हित में लीक से हट कर कुछ ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि इस समय नगर निगम में निर्वाचित प्रतिनिधियों के हाथ में नाममात्र की शक्तियां हैं तथा महत्वपूर्ण फैसले निगम आयुक्त ही करता आया है। माकपा निगम को महापौर-केंद्रित बनाएगी ताकि प्रशासनिक शक्तियां जनप्रतिनिधियों के हाथों में ही रहे। उन्होंने कहा कि इसके लिए नगर निगम के एक्ट में संशोधन की आवश्कता पड़ेगी।
डा. कुलदीप सिंह तंवर ने कहा कि सभी वार्डों में निगम के ‘वार्ड ऑफिस’ खोले जाएंगे ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान वार्ड स्तर पर ही हो सके। शहरवासियों को न्यूनतम दरों में पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आसपास की नदियों से पानी शिमला पहुंचाया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर की 34 बावडिय़ों व चश्मों का भी वैज्ञानिक तरीके से रखरखाव कर उन्हें पेयजल आपूर्ति के लिए सक्षम बनाया जाएगा।
माकपा नेता ने कहा कि शहर में ऐसी हाउसिंग योजना बनाई जाएगी, जिसमें सभी को मकान की सुविधा होगी। प्लॉट का साइज कुछ भी हो, मकान बनाने की इजाजत दी जाएगी। मकान का नक्शा एक माह में पास किया जाएगा तथा पानी का क्नैक्शन 15 दिन में दिया जाएगा। शहर में ढारों का नियमितिकरण कर उनमें सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मजदूरों के लिए नए लेबर होस्टलों का निर्माण किया जाएगा और वहां बिजली, पानी व सफाई की उचित व्यवस्था की जाएगी। रेहड़ी व फड़ी वालों को भी धंधा करने के लिए उचित माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न स्थानों में निगम की खाली पड़ी संपत्ति पर व्यापारिक गतिविधियों के लिए स्थान बनाए जाएंगे ताकि निगम को अतिरिक्त आय हो सके।
उन्होंने कहा कि जनविरोधी संपत्ति कर कानून जैसे यूनिट एरिया एसेसमेंट को बदलकर नरम कर व्यवस्था लाई जाएगी। आय के साधन नए करों को थोपने से नहीं बल्कि कर एकत्रीकरण में निपुणता लाकर तथा बाहरी स्रोतों से अनुदान लेकर बढ़ाए जाएंगे।। बंदरों व आवारा कुत्तों से निजात पाने के लिए ठोस पग उठाए जाएंगे।
पत्रकार सम्मेलन में माकपा के राज्य सचिव राकेश सिंघा, महापौर पद के उम्मीदवार संजय चौहान और उप महापौर पद के उम्मीदवार टिकेंद्र सिंह पंवर आदि भी मौजूद थे।