Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में विकास खंड बिझड़ी के गांव ज्यौली देवी में मनरेगा कार्यों में अनियमितताएं पाई गई हैं। लोकपाल की जांच में अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। मनरेगा लोकपाल ने खंड विकास अधिकारी को अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कुछ पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों पर इसकी गाज गिरना संभावित है।
ज्यौली देवी में पंचायत ने मनरेगा कार्यों के तीन मस्ट्रोल तैयार किए। जांच में पाया गया है कि आठ मजदूरों की एक ही समय तीनों मस्ट्रोलों मेंं हाजरियां दर्ज हैं। इनमें एक मस्ट्रोल में मजदूरी की वसूली बैंक खाते के माध्यम से हुई है, दूसरे मस्ट्रोल में मजदूरी कामगार द्वारा हस्ताक्षर करके वसूल की गई है, जबकि तीसरे मस्ट्रोल पर कामगार के जाली हस्ताक्षर पाए गए हैं। आरोप है कि पंचायत में हुए मनरेगा कार्यों में उक्त कामगारों ने काम किया ही नहीं है, लेकिन उनके नाम मस्ट्रोलों में दर्ज हैं।
आरोप यह भी है कि पंचायत ने मस्ट्रोलों पर कामगारों के हस्ताक्षर भी नहीं लिए। मजदूरों से काम मांगने के लिए आवेदन भी नहीं लिए गए और कामगारों के जॉब कार्डों में प्रविष्टियां भी दर्ज नहीं की गई हैं। इस संबंध में एक शिकायत मनरेगा लोकपाल के पास आई थी। मनरेगा लोकपाल ने छानबीन के उपरांत शिकायतों के सही पाया है।
मनरेगा लोकपाल रघुनाथ शर्मा ने बताया कि मनरेगा कार्यों में अनियमितताओं के शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं। इस बारे में बीडीओ बिझड़ी को प्रशासनिक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।