रामपुर बुशहर। अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले में इस बार केंद्रीय कारागार कंडा के कैदियों द्वारा तैयार कंबल भी प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए रखे गए थे,
रामपुर में 11 नवंबर से आरंभ हुए अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में जेल विभाग की ओर से यह प्रदर्शनी एवं विक्रय केंद्र खोला गया। कंडा जेल के वार्डन और कुछ पुलिस कर्मियों ने कैदियों द्वारा तैयार सामान बेचा। मेले में पांच प्रकार के कंबल रखे गए थे, जिनकी कीमत मात्र 310 रुपये से 390 रुपये थी। हाथों से खड्डी में बनाये गए ये कंबल गर्म होने के साथ-साथ टिकाऊ भी हैं। वाजिब दाम में होने के कारण इनकी खूब बिक्री हुई।
जेल वाडर्न मोती लाल ने बताया कि लोगों ने कैदियों द्वारा तैयार कंबलों की खूब सराहना की। इससे कैदियों का हौसला और हुनर भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ये कैदी जब सजा काट कर बाहर निकलेंगे तो वे सम्मानजनक ढंग से अपना धंधा चलाने की स्थिति में भी होंगे। जेल प्रशासन ने इसी उद्देश्य से कैदियों के लिए यह व्यवस्था बनाई है।
लवी में हाथोंहाथ बिके कैदियों के कंबल
Advertisement