नालागढ़। मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि प्रदेश सरकार हर पंचायत में जिम्नेजियमों का निर्माण करने जा रही है तथा इस कार्य पर 17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिम्नेजियमों के निर्माण के लिए प्रत्येक नगर पंचायत, नगर परिषद को 50-50 हजार रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री रविवार को नालागढ़ में राष्ट्रीय सब जूनियर लड़के और लड़कियों की तीन दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बोल रहे थे। प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों के 690 पहलवानों ने भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने द्रोणाचार्य आवार्ड विजेताओं राम फल व महा सिंह (नई दिल्ली), अर्जुन आवार्ड विजेता नरेश कुमार (नई दिल्ली) व रणधीर सिंह धीरा (पंजाब) तथा अंतराष्ट्रीय कराटे विजेता एन सिंह ठाकुर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुश्ती को भी लोकप्रिय बनाने के लिए राज्य में अधिक से अखाड़े स्थापित किए जाएंगे।
इस अवसर पर नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने ट्रैफिक पुलिस को वाहन भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूनियन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सहभागिता से समाज के समग्र विकास में गैर सरकारी संगठनों की भूमिका बढ़ती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है तथा प्रत्येक थाने को इंटरनेट से जोड़ा गया है ताकि पुलिस और अधिक मुस्तैदी से लोगों की सुरक्षा में अपनी सेवाएं दे सके।
हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश कुश्ती संघ पिछले दो वर्षों से राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले चार सालों में न केवल क्रिकेट बल्कि अन्य खेलों को भी प्रोत्साहन मिला है।
अर्की के विधायक गोविन्द राम शर्मा, दून की विधायक विनोद चंदेल,
सोलन की उपायुक्त मीरा मोहंती, एसपी बद्दी गुरूदेव शर्मा, भारतीय कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव भोला नाथ, उपाध्यक्ष प्रदेश कुश्ती संघ लोकेश दत्त, और महासचिव कुलदीप राणा भी उपस्थित थे।
–
मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कार देते हुए।