रायपुर थाना क्षेत्र के तहत ब्रह्मावाला खाला गांव में एक तांत्रिक ने भूत-प्रेत भगाने के नाम पर छह साल की एक बच्ची की जान ले ली। उसने मासूम का शरीर गर्म करछी से दागा और इतनी पिटाई की कि बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई। अस्पताल ले जाते हुए बच्ची ने दम तोड़ दिया।
Advertisement
थाना रायपुर क्षेत्र के तहत ब्रह्मावाला खाला गांव के वासी शक्तिमान की छह वर्षीय बेटी कंचन कुछ दिन से बीमार थी। वह अकसर रोती रहती थी। गत शुक्रवार दोपहर स्कूल से लौटकर उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। काफी तेज बुखार आने पर शाम को कंचन की मां सावित्री उसे पास ही रहने वाले तांत्रिक लामा दाई के यहां ले गई। तांत्रिक ने बच्ची पर ऊपरी हवा का असर होने की बात कही। उसने सावित्री से कहा कि वह बच्ची को एक घंटे बाद ले जाए। इस पर सावित्री घर लौट आई। शाम करीब छह बजे सावित्री बच्ची को लेने पहुंची तो वह अद्र्ध बेहोशी की हालत में थी। बताया जा रहा है कि बच्ची की जमकर पिटाई की गई थी, जिससे उसका शरीर नीला पड़ गया था। गर्म करछी या ऐसी ही किसी चीज से उसका शरीर जगह-जगह दागा गया था। कई जगह तो बच्ची की खाल तक निकल गई थी। सावित्री ने पूछा तो तांत्रिक ने कहा कि बच्ची रात भर सोती रहेगी, सुबह तक सब ठीक हो जाएगा। शनिवार सुबह कंचन की हालत और बिगड़ गई। परिजन उसे दून अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में उसे महंत इंद्रेश हास्पिटल रेफर किया गया। लेकिन कंचन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत पर गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग तांत्रिक की कुटिया पर पहुंचे, लेकिन वह फरार हो गया था। उन्होंने वहां जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तांत्रिक की तलाश शुरू कर दी है।