देहरादून। नैनीताल भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट के हीरानगर स्थित आवास पर मंगलवार देर रात तेज धमाका हुआ, जिससे घर का मुख्य गेट, दरवाजे व खिड़कियों के परखच्चे उड़ गए। एक कमरे की दीवार भी क्षतिग्रस्त हुई है।
धमाके की जोरदार आवाज सुनकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों के अनुसार ऐसा लगा जैसे बम फटा हो। उधमसिंह नगर से पहुंची फोरेंसिक टीम विस्फोट की जांच कर रही है।
डीआईजी नीलेश आनंद भरणे प्रात: ही मौके का मुआयना करने पहुंचे। कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत और मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला भी उनके आवास पर पहुंचे।
मौके पर मौजूद जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि जांच के बाद ही धमाके के कारणों का पता चल पाएगा। जांच में फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी, सीओ हल्द्वानी, एसडीएम मनीष सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह मौके पर पहुंचे। प्रदीप बिष्ट का कहना है कि धमाका कैसे हुआ कुछ पता नहीं। लेकिन नुकसान बहुत हुआ है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेशः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट के घर के बाहर हुए विस्फोट का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने डीआईजी को जांच का आदेश देकर खुद भी जिलाध्यक्ष से बात की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी जिलाध्यक्ष से बात कर स्थिति का जायजा लिया।