नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर हुए ताजा सर्वेक्षण में आम आदमी पार्टी (आप) ने ऊंची छलांग लगा कर सबको चकित कर दिया है। इस चुनाव
एबीपी न्यूज चैनल में मंगलवार सायं सात बजे इस चुनाव पूर्व सर्वेक्षण को दिखाया गया, जिसमें दिल्ली में त्रिशंकू विधानसभा की भविष्यवाणी करते हुए भाजपा को 28, कांग्रेस को 22, आप को 18 और अन्य के खाते में 2 सीटें दर्शाई गई हैं। पिछले सर्वेक्षण में कांग्रेस को 27 और भाजपा को 29 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। कांग्रेस और भाजपा को हुए नुकसान का सीधा फायदा ‘आप’ पार्टी को होता नजर आ रहा है। दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 36 विधायकों की जरूरत है।
ताजा सर्वेक्षण में आम आदमी पार्टी हालांकि तीसरे स्थान पर हैं, लेकिन पिछले सर्वेक्षण के मुकाबले उसकी सीटों की संख्या में 10 सीटों की बढ़त सभी को चौंकाने वाली है। ताजा सर्वेक्षण में इस बढ़त पर आप पार्टी की वरिष्ठ नेता शाजिया इल्मी का कहना था कि ‘आप’ ने चुनाव में स्वच्छ छवि के उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी का एजेंडा भी आम जनता में क्लीयर हो गया है। इसलिए लोगों का भरोसा इस पार्टी के प्रति और पक्का होता जा रहा है। उनका कहना है कि सीटों की यह बढ़त निश्चित रूप से पूर्ण बहुमत तक पहुंचेगी।
सर्वेक्षण के अनुसार दिल्ली की 32 प्रतिशत जनता ने अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद बताया है, जबकि कांग्रेस की शीला दीक्षित और भाजपा के विजय गोयल को 27-27 प्रतिशत लोग मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। दिल्ली की 65 प्रतिशत जनता नहीं चाहती कि विधानसभा में कांग्रेस की सरकार रिपीट करे।