नई, दिल्ली। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर उन्हें हिमाचल प्रदेश आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार के आठ वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर 31 मई को हिमाचल प्रदेश में राष्ट्र स्तरीय समारोह आयोजित करने का आग्रह किया।
Advertisement
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस राष्ट्र स्तरीय समारोह को आयोजित करना चाहता है, जिसमें देश के सभी जिले शामिल होंगे। उन्होंने प्रदेश के लिए प्रधानमंत्री के विशेष लगाव और प्रदेश का त्वरित विकास सुनिश्चत करने के लिए सहयोग देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ राज्य में चल रही विभिन्न परियोजनाओं के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने हिमाचल को हरित राज्य बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार के ईमानदार और अथक प्रयासों से भी अवगत करवाया।प्रधानमंत्री ने इस उद्देश्य को प्राप्त करने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने राज्य को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव राम सुभग सिंह भी उपस्थित थे।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी संवाद किया और उनसे हिमाचल प्रदेश का दौरा करने का आग्रह किया। उन्होंने राज्य के सभी बैंकों के प्रमुखों के साथ एक सम्मेलन में भाग लेने का आग्रह किया ताकि राज्य में सीडी अनुपात बढ़ाने के लिए उपयोगी विचार-विमर्श किया जा सके। उन्होंने सशक्तिकरण के लिए महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को अधिक ऋण प्रदान करने की संभावनाएं तलाशने का भी आग्रह किया।
Advertisement
खालिस्तानी झंडा लगाने वाला गिरफ्तार: शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि धर्मशाला विधानसभा के गेट पर खालिस्तानी झंडा लगाने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि बुधवार प्रातः पंजाब से इस घटना के एक अभियुक्त हरविन्द्र सिंह पुत्र राजिन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस और पंजाब पुलिस के संयुक्त प्रयासों से दूसरे आरोपी विनीत सिंह को भी शीघ्र ही ढूंढकर गिरफ्तार किया जाएगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए धर्मशाला के सक्षम न्यायालय से तलाशी एवं गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया है।
Advertisement