शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि धूमल सरकार हमेशा जेपी के हित में काम करती रही है। इसमें बघेरी थर्मल प्लांट के अतिरिक्त और भी बहुत कुछ है। कौल सिंह ठाकुर शुक्रवार को यहां कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
Advertisement
उन्होंने कहा कि जेपी कंस्ट्रक्शन द्वारा बनाए जा रहे कड़छम-वांगतु पॉवर प्रोजेक्ट की क्षमता सरकार ने सभी नियमों को ताक पर रख कर 1000 मैगावाट से बढ़ा कर 1200 मैगावाट कर दी। इस प्रोजेक्ट से सतलुज नदी व पर्यावरण पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार पालमपुर स्थित विवेकानंद अस्पताल ट्रस्ट का भी मामला है। सरकार ने इस ट्रस्ट को भूमि सहित जेपी कंपनी के नाम कर दिया।
उन्होंने कहा कि बघेरी में जिस भूमि पर कंपनी ने नाजायज कब्जा किया था, उसे नियमों के तहत औद्योगिक घराने को नहीं दिया जा सकता था, लेकिन सरकार ने 4.10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाकर उसे कंपनी को दे दिया।
उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम के चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय रूप से खड़े बागी कांग्रेसियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शहर में लगे प्रदेश सरकार के होर्डिंगों और पोस्टरों को हटाने की गुहार चुनाव आयोग से लगाई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू हो जाने पर भी शहर में प्रदेश सरकार के बैनर ज्यों के त्यों लगे हैं। यह आचार संहिता का खुला उल्लंघन है।