मंडी। मंडी- कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिंद्राबनी के पास कवारी में पर्यटकों की एक वरना कार अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में गिर गई। कार में कितने लोग थे, इसका पता नहीं चल पाया है। लापता लोगों की तलाश के लिए प्रशासन ने गोताखोर बुलाए हैं। ब्यास नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह हरियाणा नंबर की (एचआर 42जी 7007) कार को ब्यास में गिरा हुआ देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी। पुलिस टीम ने तुरंत नदी में उतर कर सर्च अभियान शुरू किया। कार तक पहुंच कर उसकी तलाशी ली गई। इसमें कोई व्यक्ति या शव बरामद नहीं हुआ। कार के अंदर पुलिस को एक आरसी मिली है, जिससे पता चला कि कार हरियाणा की है।
आशंका जताई जा रही है कि कार में सवार लोग बह गए होंगे, क्योंकि जहां कार गिरी है, वहां ब्यास का बहाव काफी तेज है। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू कर दिया है। एसडीएम सदर रितिका जिंदल ने कहा कि पानी का बहाव तेज होने के चलते कार में सवार सभी लोगों के बह जाने की आशंका है। कार के अंदर एक आरसी मिली है। इसमें मौजूद पते पर संपर्क करने पर पता चला कि कार मालिक ने अपनी गाड़ी किसी को दी थी। वह कार लेकर मनाली घूमने गया था।
दुर्घटनाग्रस्त कार में उक्त व्यक्ति के अलावा और कितने लोग सवार थे, इस बारे में अभी तक सही जानकारी नहीं मिल पाई है। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि हादसे में अभी चालक या कोई अन्य व्यक्ति की बरामदगी नहीं हुई है। लापता लोगों की तलाश गोताखोरों के द्वारा की जा रही है।