बद्दी। सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक विनोद चंदेल के खिलाफ पार्टी में बगावत हो गई है। दून भाजपा मंडल के अनेक वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों ने रविवार को चंडी में एक बैठक कर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व को साफ कह दिया कि यदि ‘मिशन रिपीट’ को साकार करना है तो दून में किसी नए चेहरे को ही टिकट दिया जाना चाहिए। पार्टी नेताओं ने प्रस्ताव पारित कर टिकट के लिए चार नाम भी सुझाए हैं।
विद्रोही भाजपा नेताओं ने बैठक में जहां मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल का जम कर गुणगान किया, वहीं दून की विधायक विनोद चंदेल की कार्यप्रणाली पर कई सवाल भी खड़े किए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने दून विस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी, लेकिन स्थानीय विधायक इसे भुनाने में नाकाम साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि दून की विधायक चंद मौका परस्त लोगों के हाथों में खेल रही हैं। पुराने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की पिछले साढ़े चार वर्षों में अनदेखी ही हुई।
चंडी में भाजपा नेताओं की यह बैठक पूर्व मंडल अध्यक्ष जय सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें पूर्व मंडल अध्यक्ष इंद्र पाल राणा, वर्तमान मंडल महासचिव जगतार सिंह हीरा व पूर्ण चंद गुप्ता, उपाध्यक्ष जगदीश मेहता, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष बाबू राम वर्मा, एससी मोर्चा के अध्यक्ष बृज लाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष कैप्टन हेम राज ठाकुर, सक्रिय कार्यकर्ता लक्ष्मी भारद्वाज, जगत राम शर्मा, रामजी दास नेगी, रतिराम ढोंग, बैंक फैडरेशन के पूर्व राज्य अध्यक्ष राज कुमार नेगी समेत पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि पार्टी ने यदि ‘मिशन रिपीट’ को सिरे चढ़ाना है तो दून से भाजपा को नया चेहरा उतारना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के सत्तासीन होने के बाद से दून में निष्ठावान भाजपाइयों को हाशिए पर ही रखा गया है। विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं की कभी नहीं सुनी।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जय सिंह ठाकुर ने ‘हिम न्यूज़पोस्ट. कॉम ‘ को बताया कि दून भाजपा की चंडी में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने विधायक की अनदेखी के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। मंडल महासचिव जगतार सिंह हीरा ने बताया कि बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर इंद्र पाल राणा, जय सिंह ठाकुर, राज कुमार नेगी और पूर्ण चंद गुप्ता का नाम भावी उम्मीदवारों के रूप में प्रोजेक्ट किया गया। पूर्व मंडल अध्यक्ष इंद्र पाल राणा ने कहा कि चंद मतलब परस्त लोगों से घिरी दून की विधायक दिन प्रतिदिन अपना जनाधार खो रही हैं। ऐसे में यहां भाजपा का ‘मिशन रिपीट’ सिरे नहीं चढ़ सकता।
इस संबंध में जब दून भाजपा मंडल अध्यक्ष ध्यान सिंह लादी से बात की गई तो उनका कहना था कि चंडी में दून भाजपा की कोई बैठक नहीं हुई है। उधर विधायक विनोद चंदेल ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी बैठक की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा मंडल की बैठक तो हर माह 21 तारीख को ही होती है।
उल्लेखनीय है कि विनोद चंदेल के खिलाफ पार्टी में नाराजगी किसी से छिपी नहीं है। यहां हाशिए पर चल रहे भाजपाई समय-समय पर अपना विरोध प्रकट करते रहे हैं। विधायक की कार्यप्रणाली से खफा होकर पहले भी कई वरिष्ठ भाजपाई दबी जुबान में मोर्चा खोल चुके हैं। इसी कड़ी में हाल में ही एक मंच का गठन भी किया गया था। दून भाजपा मंडल के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों के इस खुले विरोध के कारण विनोद चंदेल की राहें मुश्किल होती नजर आ रही हैं।