Advertising

‘सेब बागीचों में इथरेल का सही प्रयोग नहीं हानिकारक’

सेब के बागीचों में फलों में रंगत बढ़ाने के लिए इथरेल की स्प्रे को लेकर ना केवल बागवानों, बल्कि राजनेताओं तक में भी कई तरह की भ्रांतियां हैं। इथरेल को अकसर एक घातक रसायन के रूप में प्रचारित कर इसके प्रयोग पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठती रहती है, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल विपरीत है। उचित समय और सही मात्रा में इथरेल का प्रयोग कतई हानिकारक नहीं है। 

Advertisement

दशकों पहले मैं स्वयं इस रसायन के शोध से जुड़ा रहा हूं। हिमाचल प्रदेश में इसका उपयोग करने वाला मैं सबसे पहला शोध छात्र था। इसलिए इस रसायन के बारे में लोगों की भ्रांतियां दूर करना मेरा फर्ज भी बन जाता है। सबसे पहली बात जो मैं यहां बताना चाहूंगा वह यह है कि इथरेल कोई कलर स्प्रे नहीं है। लोगों को लगता है जैसे यह कोई रंग है, जिसे छिड़कने से सेब के फल लाल हो जाते हैं। वास्तव में ऐसा बिलकुल भी नहीं है। 

क्या है इथरेल?

इथरेल एक रसायन है, जिसे ईथेफोन भी कहते हैं। इसका पूरा नाम 2-क्लोरोईथेन फोस्फोनिक एसिड है। यह बाज़ार में घोल के रूप में उपलब्ध है, जिसमें एक्टिव इंग्रीडिएंट की मात्रा कोई 40 प्रतिशत होती है। इस रसायन की विशेषता यह है कि यदि इसे पानी में मिलाया जाये तो यह विघटित होना शुरू हो जाता है और इस विघटन की प्रक्रिया में एथिलीन गैस रिलीज़ होती है। एथिलीन गैस एक हॉरमोन भी है और इस से फल पकने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इसे सेब के अतिरिक्त केला, आम, चीकू आदि पर भी इसी मकसद से प्रयोग किया जाता है।

इसके छिड़काव से डिलीशियस वर्ग के सेबों में लाल रंग आ जाता है। इस रसायन का कोई भी रेजीड्यूयल इफेक्ट नहीं होता, क्योंकि एथिलीन एक गैस है जो अपना असर करने के बाद हवा में मिल जाती है।

Advertisement

इथरेल का इतिहासः

इथरेल की खोज 1965 में हुई थी। भारत में इसका उपयोग सर्वप्रथम 1971 में उदयपुर विश्वविद्यालय में डा. कर्ण सिंह चौहान के मार्ग दर्शन में उनके शोध छात्रों द्वारा, जिनमें मैं भी एक था, फालसे और केले के फलों को पकाने के लिए किया गया था।

हिमाचल में सर्वप्रथम इथरेल का प्रयोग 1973 में स्वर्गीय डा. हरजीत सिंह धूरिया के मार्ग दर्शन में पहले कोटखाई और फिर राजगढ़ में मास्टर जोगिंदर सिंह के बागीचे में किया गया। समस्या यह थी कि निचले इलाकों के बागीचों में सेब के फलों पर पूरा लाल रंग विकसित नहीं होता था। डाक्टर धूरीया इस काम के विशेषज्ञ थे। उन्होंने इस समस्या का हल खोजने के लिए इथरेल का प्रयोग किया, जिसमें उन्हें अद्भुत सफलता मिली। नतीजा यह हुआ कि यह रसायन निचले इलाके के बागबानों ने एक दम अपना लिया। इससे निचले इलाकों के सेब के रंग और गुणवत्ता में बहुत सुधार हुआ और उनको बहुत लाभ हुआ। अभी तक बागबान इसका उपयोग कर रहे हैं।

मैं उस समय सोलन (नौणी बाद में बनी) में डाक्टर धूरिया का सहायक प्रोफेसर था और इन प्रयोगों में सम्मिलित था। राजगढ़ में पहली बार इथरेल का स्प्रे मैंने ही किया था और यह मास्टर जोगिंदर सिंह के बागीचे हुआ था।

Advertisement

व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के कारण हो रहा विरोधः

बाद में इस मुद्दे पर ऊपरी इलाके और निचले इलाके ( जैसे राजगढ़) के सेब के बागबानों में बिजनेस राइवलरी (rivalry) के कारण ऊपरी इलाके वालों ने इथरेल के उपयोग का विरोध करना शुरू कर दिया और वे इसे बैन करने की मांग करते रहे। कई बार हमारे राजनेता भी इन बागवानों की हां में हां मिलाने लगते हैं। यह सिलसिला अभी तक चल रहा है। इथरेल न तो बैन होगा और न ही बंद होना चाहिए।  इथरेल को यूनिवर्सिटी ने भी रिकमेंड किया है, क्योंकि यह सुझाव रिसर्च पर आधारित था।

Advertisement

इथरेल क्योंकि फल पकने की प्रक्रिया में तेजी लाता है, इसलिए फलों की भंडारण क्षमता पर इसका कुछ असर पड़ सकता है। इस समस्या का भी समाधान है। इसके लिए एक ग्रोथ रिटारडैन्ट रसायन Alar आता था, शायद अब भी मिलता हो। अगर फलों पर इसका छिडकाव किया जाए तो उनकी भंडारण क्षमता बढ़ जाती है। अधिक जानकारी के लिए बागवानों को यूनिवर्सिटी के संबंधित वैज्ञानिकों से जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। इन्टरनेट पर सर्च कर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यूनिवर्सिटी को भी चाहिए कि वो आगे आकर इथरेल को लेकर बागवानों की शंकाओं का समाधान करे।

Advertisement
डॉ. चिरंजीत परमार

Dr. Chiranjit Parmar is a worldwide famous scientest. He pursued his Ph.D. in Horticulture from the University of Udaipur in 1972, have been working on wild growing and lesser-known fruits since 1972; most widely traveled fruit scientist of India, currently compiling Fruitipedia, an online encyclopedia of the edible fruits of the world.

Recent Posts

पं नेहरू के प्रति मेरे मन में पूरा सम्मानः शांता कुमार

धर्मशाला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा है कि पालमपुर नगर… Read More

6 months ago

मणिकर्ण में आग लगने से दो मंजिला मकान जलकर राख

कुल्लू। जिला कुल्लू के मणिकर्ण घाटी के गांव सरानाहुली में बुधवार रात को दो मंजिला… Read More

6 months ago

फासीवाद बनाम प्रगतिशील

फासीवाद और प्रगतिशील दोनों विपरीत विचारधाराएं हैं। एक घोर संकीर्णवादी है तो दूसरी समाज में… Read More

6 months ago

वाईब्रेंट विलेज नमग्या पहुंचे राज्यपाल, स्थानीय संस्कृति एवं आतिथ्य की सराहना की

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत किन्नौर जिला के सीमावर्ती… Read More

8 months ago

दुग्ध उत्पादकों के लिए जुमलेबाज ही साबित हुई सुक्खू सरकार

रामपुर। कांग्रेस ने चुनाव के दौरान 80 व 100 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से… Read More

11 months ago

खुलासाः मानव भारती विवि ने ही बनाई थीं हजारों फर्जी डिग्रियां

शिमला। मानव भारती निजी विश्वविद्यालय के नाम से जारी हुई फर्जी डिग्रियों में इसी विवि… Read More

11 months ago
Advertisement