Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
काठमांडू। नेपाल के संसद ने 54 वर्षीय साम्यवादी नेता बिद्या देवी भंडारी को नया राष्ट्रपति चुना है। भंडारी देश के सबसे ऊंचे पद पर पहुंचने वाली नेपाल की पहली महिला हैं। सत्ताधारी दल सीपीएन यूएमल की उपाध्यक्ष भंडारी को कुल पड़े 549 मतों से 327 मत मिले, जबकि संसद में सबसे बड़ी पार्टी नेपाली कॉंग्रेस के बहादुर गुरुंग को 215 मत मिले।
भंडारी देश के पहले राष्ट्रपति राम बरन यादव की जगह लेंगी। वर्ष 2008 में नेपाल में 240 साल पुरानी राजशाही को ख़त्म कर पहली संविधान सभा गठित की गई थी। सूत्रों के अनुसार भंडारी गुरुवार को शपथ लेंगी।
बिद्या देवी भंडारी नेपाल के फ़ायरब्रांड साम्यवादी नेता मदन भंडारी की पत्नी हैं। मदन भंडारी की 1993 में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी, जिसे कई लोग षड्यंत्र मानते हैं। पति की मौत के बाद हुए चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री कृष्ण प्रसाद भट्टाराई को हराकर भंडारी चर्चा में आई थीं।
रक्षामंत्री रह चुकी हैं भंडारीः विद्या देवी भंडारी नेपाल की रक्षामंत्री भी रह चुकी हैं। राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें एक दर्जन से भी ज़्यादा पार्टियों का समर्थन मिला। उन्होंने अपने राजनीति जीवन की शुरुआत चार दशक पहले ही कर दी थी, लेकिन वो बहुत ज़्यादा सक्रिय नहीं थीं। पति की मौत के बाद ही वो राजनीति में ज़्यादा सक्रिय हुईं। उस वक़्त हुए उपचुनाव में उन्होंने नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री कृष्ण कुमार भट्टराई को हराया था। इसके एक साल बाद हुए आम चुनाव में उन्होंने दामाना धुंगाना को हराया। इसके बाद वो राजनीति में आगे बढ़ती गईं और पार्टी की उपाध्यक्ष बनीं। उन्हें मिलनसार स्वभाव का माना जाता है।