Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
मंडी। मंडी से कुल्लू जा रही एक निजी बस के बिंद्रावणी के पास अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में गिर जाने से 18 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिस कारण मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे यह बस (कनिका कोच) मंडी से कुल्लू की ओर रवाना हुई थी। बिद्रावणी के समीप पहले यह एक बाइक से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सीधे ब्यास में लुढ़क गई। बाइक पर सवार दोनों व्यक्तियों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का मंडी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बस को ओवरटेक कर रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ। बस में उस समय 43 यात्री सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला तुरंत घटना स्थल की ओर रवाना हुआ और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और परिवहन मंत्री जीएस बाली ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।