बद्दी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार प्रदेश से राष्ट्रीय स्तर तक पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस प्रधानमंत्री की ईमानदारी की दुहाई देते नहीं थकती थी, आज उसी प्रधानमंत्री की बदौलत दुनियाभर में देश का सर शर्म से झुक गया है। कांग्रेस के शासनकाल में एक से बढ़कर एक बड़े घोटाले हुए और कोयला घोटाले ने तो प्रधानमंत्री पर भी कालिख पोत दी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी भ्रष्टाचार फैलाने का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को जाता है। वे एक सीडी प्रकरण में लाखों की घूस लेने के आरोपों में बुरी तरह फंसे हुए हंै और यह आरोप किसी और ने नहीं बल्कि उन्हीं की सरकार में मंत्री रहे एक नेता ने लगाए थे। अदालत ने भी इस मामले में वीरभद्र सिंह पर आरोप तय किए हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता ऐसे भ्रष्ट नेताओं के हाथ में प्रदेश की बागडोर कतई नहीं सौंपेगी। उन्होंने दावा किया कि गुजरात और हिमाचल में कमल खिलेगा और उसके बाद भाजपा देश की कमान संभालेगी। उन्होंने कहा कि प्रमुख विपक्षी दल होने के नाते भाजपा की यह नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि जन-आंदोलन छेड़कर कांग्रेस के काले चिट्ठों को आम जनता में उजागर किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहने और जनता से वोट मांगने का हक खो चुकी है। अब समय आ गया है कि केंद्र की भ्रष्ट व निक्कमी कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।
अनुराग ठाकुर ने इस अवसर दीगल में 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित पीएचसी भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजीव बिंदल, सांसद वीरेंद्र कश्यप, विधायक गोबिंदराम शर्मा, विधायक विनोद चंदेल और दिवंगत हरिनारायण सैणी के भाई अवतार सैणी आदि
भी उपस्थित थे।