शिमला। मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि समाज के सभी वर्गों में आज विश्वसनीयता का संकट है। यह समय की आवश्यकता है कि मीडिया से जुड़े व्यक्तियों को इससे उबरने के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि मीडिया ने स्वतन्त्रता आंदोलन तथा इसके पश्चात राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह सोमवार को यहां हिन्दी दैनिक समाचार पत्र ‘हिमाचल दस्तक’ का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित महानुभावों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के सभी वर्गों में मूल्यों का ह्रास चिंता का विषय है, जिसे समाज एवं राष्ट्रहित में बनाए रखने की आवश्यकता है।
प्रो. धूमल ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में लोग हर क्षण विश्व भर में हो रही घटनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करना करने के इच्छुक रहते हैं। ऐसी परिस्थितियों में लोग चैनलों पर अधिक निर्भर रहते हैं और उन्होंने अपने दर्शकों के साथ विश्वसनीयता स्थापित की है। विभिन्न मीडिया में ‘पेड न्यूज़’ का प्रचलन पत्रकारिता की उच्च परंपराओं एवं मूल्यों के खिलाफ है।
‘हिमाचल दस्तक’ प्रदेश का संपूर्ण संस्करण है, जिसमें पूरे प्रदेश की खबरें एक साथ पढ़ी जा सकती हैं। ‘हिमाचल दस्तक’ का प्रयास प्रदेश में उन पाठकों के माध्यम से स्थान बनाना है, जो अन्य समाचारपत्रों के जिला एवं नगरीय संस्करणों से ऊब चुके हैं और पूरे प्रदेश के समाचार पढऩा चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने भी संस्थान के इन प्रयासों की सराहना की और कहा, ”समाचार पत्रों के स्थानीय संस्करणों ने सूचना संप्रेषण प्रणाली को ही खंडित कर दिया है और इससे पाठक समूची घटनाओं की जानकारी से वंचित रहते हैं। उम्मीद है कि यह समाचारपत्र लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा।”
‘हिमाचल दस्तक’ के संपादक हेमंत शर्मा ने समाचारपत्र के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक सुरेश भारद्वाज और राकेश पठानिया, हिमुडा के उपाध्यक्ष गणेश दत्त, हिमाचल प्रदेश राज्य मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष अशोक कपाटिया, पुलिस महानिरीक्षक अशोक शर्मा, समाचार पत्र के अध्यक्ष केडी श्रीधर और प्रबंध निदेशक केपी भारद्वाज तथा मीडिया से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।