शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को यहां प्रशासनिक सुधार विभाग के ऑनलाइन आरटीआई पोर्टल का शुभारम्भ किया। हिमाचल प्रदेश इस पोर्टल को आरम्भ करने वाला देश के छोटे राज्यों में प्रथम और महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के बाद चौथा राज्य बना है। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन पोर्टल आरम्भ करने के विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह आमजन को आरटीआई अधिनियम 2005 के तहत आवेदन करने, सूचना प्राप्त करने और अपील करने में सहायक सिद्ध होगा। लोगों को अब उक्त सुविधाएं उनके घर-द्वार पर ही हासिल होंगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इस पहल से सरकारी कार्यालयों में लोगों की आवाजाही कम होगी और लोगों को समय पर सूचना उपलब्ध होगी। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. राम लाल मारकण्डा, सचिव प्रशासनिक सुधार डॉ. सन्दीप भटनागर, संयुक्त सचिव राजेश शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे के विस्तार कार्य का निरीक्षणः मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बुधवार को शिमला के पास जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे के विस्तार कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को इसका शीघ्र लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव डॉ. आरएन बत्ता एवं अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
कैलेंडर का विमोचनः मुख्यमंत्री ने बुधवार को ही यहां हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम और हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य विनिर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के वर्ष 2022 के कैलेंडरों का विमोचन भी किया।
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. राम लाल मारकण्डा, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के राज्य समन्वयक नवीन शर्मा, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य विनिर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राकेश बबली, प्रधान सचिव ओंकार शर्मा, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की प्रबन्ध निदेशक कुमुद सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।