नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट और सिनेमा के दो सितारों का मिलन उनके चाहने वालों के लिए यादगार बन गया। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के इटली में हुए विवाह की खबरें भारतीय मीडिया में खूब सुर्खियां बनीं। चाहने वालों ने बधाइयां दीं तो भाजपा के एक विधायक ने विदेश में विवाह करने के लिए उन्हें देशद्रोही तक कह डाला।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और सिने तारिका अनुष्का शर्मा ने विवाह में बेहद नजदीकी मित्रों और परिवार के लोगों को ही बुलाया था। लेकिन स्वदेश लौटने पर गुरुवार को उन्होंने दिल्ली में शानदार रिसेप्शन पार्टी दी, जिसमें क्रिकेट और फिल्मी सितारों के अतिरिक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। प्रधानमंत्री को दोनों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
रिसेप्शन में अनुष्का ने लाल-सुनहरी साड़ी और विराट ने बंद गले का काला कुर्ता पश्मीना शॉल के साथ पहना था। यह रिसेप्शन पार्टी दिल्ली के ताज डिप्लोमेटिक एनक्लेव में रखी गई थी। विराट दिल्ली के ही रहने वाले हैं। शीघ्र ही वे मुंबई में भी एक और रिसेप्शन पार्टी देंगे।