चंडीगढ़। पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए खूंटा गाड़ चुके आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को किसानों के लिए घोषणापत्र जारी किया। बाघा पुराना में आयोजित किसान रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब में अकाली- भाजपा गठबंधन और कांग्रेस की कुनीतियों के कारण किसान लगातार आत्महत्याएं कर रहे हैं। बादल सरकार अपनी नाकामियों से यह कहते हुए पल्ला झाड़ रही है कि कृषि घाटे का सौदा हो गई है।
उन्होंने कहा कि बादल सरकार ने पंजाब को दोनों हाथों से लूटा है। ‘आप’ की सरकार आने पर सुखबीर बादल , तोता सिंह और कैरों की संपत्ति जब्त कर उनमें स्कूल और अस्पताल बनाए जाएंगे। कर्ज में डूबे किसी भी किसान की कुर्की नहीं होने दी जाएगी। किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। घोषणापत्र के मुख्य बिंदू निम्न प्रकार से हैं-
- वर्ष 2018 तक सभी किसानों को कर्जमुक्त किया जाएगा।
- किसानों को 12 घंटे मुफ्त बिजली दी जाएगी।
- किसानों की फसल 24 घंटे में खरीदी जाएगी, 72 घंटों के भीतर भुगतान होगा।
- किसान व मजदूर के घर बेटी होने पर 21 हजार रुपये शगुन दिया जाएगा।
- फसल बर्बाद होने पर 20 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाएगा।
- बुढ़ापा पेंशन की राशि 2 हजार रुपये की जाएगी।
- 10 लाख परिवारों को बीपीएल में शामिल किया जाएगा।
- कृषि मजदूरों को काम नहीं मिलने पर 10 हजार रुपये मासिक भत्ता मिलेगा।
- 25 हज़ार नए डेयरी फॉर्म खोले जाएंगे।
- चिटफंड कंपनियों द्वारा हड़पे गए किसानों के पैसे वापस दिलाए जाएंगे।
- सभी का पांच लाख तक का इलाज मुफ्त किया जाएगा।
- सतलज-यमुना लिंक के लिए ली गई किसानों की जमीन वापस होगी।