Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
बिलासपुर। प्रदेश सरकार ने बड़ी विद्युत परियोजनाओं की झीलों से एकत्रित मछलियों के विपणन के लिए ‘मोबाइल फिश मार्किट’ योजना शुरू की है, जिसमें विशेष वाहनों के माध्यम से ट्राउट और कार्प प्रजाति की मछलियां लोगों को सघन आबादी वाले क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जाएंगी। मत्स्य पालन एवं वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने वीरवार को मत्स्य प्रजनन केंद्र दयोली में ‘मोबाइल फिश मार्किट’ वाहनों को हरी झंडी दिखाकर इस योजना का शुभारंभ किया। प्रदेश में उपभोक्ताओं को घरद्वार पर ताजा मछली उपलब्ध कराने की यह अपनी तरह की पहली योजना है।
ठाकुर सिंह भरमौरी ने इस अवसर पर बताया कि इस योजना के लिए चार वाहन स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए 90 फीसद राशि एनएफडीबी तथा 10 फीसद राशि विभाग द्वारा वहन की गई है। योजना के प्रथम चरण में दो मोबाइल फिश मार्किट वाहन, जिनमें एक में ट्राउट तथा दूसरे वाहन में कार्प प्रजाति की मछली होगी। प्रदेश तथा चंडीगढ़ में लोगों को घरद्वार पर मछली उपलब्ध करवाई जाएगी।
विभाग के निदेशक गुरचरण सिंह ने बताया कि गोबिंदसागर, पौंग, चमेरा व रणजीत सागर से इस वर्ष 1830 मीट्रिक टन मछली पकड़ी गई है तथा राज्य में मछली का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय विधायक बंबर ठाकुर, विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष राम दास मलागड, डॉ. एमएल मेहता, राजेंद्र सिंह, विजय पुरी, सुशील जनार्था, योगेश गुप्ता, श्याम लाल शर्मा, प्रदीप कुमार व अनिल ठाकुर भी इस मौके पर मौजूद थे।
मोबाइल वाहनों के माध्यम से यहां मिलेगी मछलीः सोलन जिला के दाड़लाघाट कस्बे में हर सोमवार को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक, शिमला के संजोली में सोमवार को सायं 5 बजे से 7 बजे तक, चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवन में प्रत्येक बुधवार को सायं 2 बजे से 8 बजे तक, बैजनाथ बस अड्डा के नजदीक प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 11 बजे से 1 बजे तक, पालमपुर के लिए पुराना बस अड्डा पर शुक्रवार को सायं 2 बजे से 6 बजे तक, सुंदरनगर के लिए बीबीएमबी कालोनी में हर शनिवार को सुबह 11 बजे से 1 बजे तक तथा मंडी में कारगिल पार्क के पास प्रत्येक शनिवार को सायं 3 बजे से 7 बजे तक मछली बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।
इसी प्रकार प्रत्येक माह की पहली, 11 तथा 21 तारीख को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक ऊना, 3, 13 व 23 को सायं 4 बजे से 6 बजे तक हमीरपुर, 5,15, व 25 तारीख को सायं 3 बजे से 6 बजे तक तलवाड़ा, 7,17 व 27 तारीख को सायं 1 बजे से 3 बजे तक पालमपुर तथा 7,17 व 27 तारीख को सायं 5 बजे से 6 बजे तक धर्मशाला, 9,19 व 29 तारीख को सायं 3 बजे से 5 बजे तक बद्दी तथा प्रत्येक माह की 9,19 व 29 तारीख को सायं 5 बजे से 7 बजे तक नालागढ़ में मछली वाहन में बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी।