शिमला। नगर निगम शिमला के नव निर्वाचित महापौर, उपमहापौर और पार्षदों ने मंगलवार को यहां टाऊनहाल में एक सादे एवं गरिमापूर्ण समारोह में शपथ ग्रहण की। शहरी आवास विभाग की निदेशक पूर्णिमा चौहान ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर माकपा के पोलित ब्यूरो सदस्य सीताराम येचुरी और स्थानीय विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि इस नगर निगम में पहली बार महापौर और उपमहापौर पद के लिए सीधे मतदान से चुनाव हुए और सीपीआई(एम) ने सभी को हैरान करते हुए भारी बहुमत के साथ दोनों सीटों पर कब्जा किया। महापौर पद पर संजय चौहान और उपमहापौर पद पर टिकेंद्र सिंह पंवर ने जीत दर्ज की। कुल 25 वार्डों वाली इस नगर निगम में भाजपा के 12, कांग्रेस के 10 और सीपीआई (एम) के तीन पार्षद जीते।
माकपा के पोलित ब्यूरो सदस्य सीताराम येचुरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए इस जीत के लिए शिमला की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा, ”हिमाचल प्रदेश में कुछ माह बाद विधानसभा के चुनाव होने हैं। प्रदेश की जनता का मूड क्या है? इसका अंदाजा शिमला के मूड को देख कर लगाया जा सकता है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में यदि सशक्त विकल्प पेश किया जाए तो कांग्रेस और भाजपा दोनों को सत्ता की दौड़ से बाहर किया जा सकता है।
महापौर संजय चौहान नगर निगम में सभी को साथ लेकर विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जाएगा। शहर की जनता की समस्याओं का समाधान उनके वार्ड स्तर पर ही करने का प्रयास किया जाएगा।