देहरादून। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को उत्तराखंड में अपने चुनावी अभियान को तेज करते हुए जनता के समक्ष दो बड़ी घोषणाएं कीं। पहली घोषणा कर्नल अजय कोठियाल को पार्टी की ओर से भावी मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया और दूसरी घोषणा में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को हिंदुओं की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा।
इससे पूर्व केजरीवाल ने देहरादून में पार्टी की ‘देवभूमि संकल्प यात्रा’ में भाग लिया, जिसमें बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी। इस दौरान कर्नल अजय कोठियाल सहित पार्टी के अनेक नेता भी उनके साथ थे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बाद में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की आम जनता ने स्वयं कर्नल अजय कोठियाल का भावी मुख्यमंत्री के रूप में चयन किया है। इस मुद्दे पर पार्टी ने पूरे प्रदेश में व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाया था, जिसमें कर्नल कोठियाल को जनता का जबरदस्त समर्थन मिला।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस और भाजपा के भ्रष्ट कार्यकलापों से बहुत परेशान है और चाहती है कि अब उन्हें नेता नहीं बल्कि कर्नल कोठियाल जैसा देश भक्त फौजी चाहिए।
केजरीवाल ने पार्टी की ओर से दूसरी घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड में बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, जमुनोत्री, हरिद्वार जैसे दर्जनों बड़े धार्मिक स्थल हैं, जहां देश विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शनों के लिए आते हैं। इसीलिए उत्तराखंड को देवभूमि भी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि आप की सरकार बनने पर उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके दो लाभ होंगे। एक तो पूरी दुनिया से हिंदू यहां आध्यात्मिक आनंद के लिए आएंगे, दूसरे, स्थानीय युवाओं को इससे बड़े पैमाने पर रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में देश की प्रशासनिक राजधानी होगी और उत्तराखंड आध्यात्मिक राजधानी।
आप संयोजक केजरीवाल कुछ माह पूर्व भी जब उत्तराखंड आए थे तो उन्होंने राज्य की जनता से चार वादे किए थे। उन्होंने कहा था कि यदि चुनाव के बाद यहां आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो जनता को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी, किसानों के लिए बिजली मुफ्त होगी, बिजली के बकाया भारी भरकम बिल माफ किए जाएंगे और बिजली की आपूर्ति 24 घंटे सुनिश्चित की जाएगी।