Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
देहरादून। उत्तराखंड में ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में विधानसभा सीट पर रविवार को सम्पन्न हुए उपचुनाव में यूपी के एक विधायक द्वारा फर्जी मतदान करने का मामला प्रकाश में आया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रजेश कुमार संत ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मौजूदा विधायक ठाकुर प्रेम प्रकाश सिंह को इलैक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर मतदान करते हुए अखबारों में दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि आदर्श चुनाव आचार संहिता के अनुसार कोई भी व्यक्ति देश में दो जगह वोट नहीं डाल सकता। ठाकुर प्रेम प्रकाश सिंह चार महीने पूर्व उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में अपने गृहक्षेत्र बलिया जिले की बहराइच सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे। वह उत्तर प्रदेश के मंत्री रह चुके हैं।
सपा विधायक ने अपने मतदान की फोटो अखबारों में प्रकाशित होने के बाद सोमवार को कहा कि उन्होंने इस पिछड़े क्षेत्र के विकास के लिए अपने मतदान का प्रयोग किया है। वह इस प्रश्न का उत्तर नहीं दे सके कि उनका दो जगह वोट कैसे बना हुआ है। इस विधायक का यहां एक बड़ा बंगला और खेती योग्य काफी जमीन तथा अन्य जायदाद हैं। इस क्षेत्र में दबंगई के लिए पहचाने जाने वाले इस विधायक के खिलाफ इस मामले में फिलहाल निर्वाचन आयोग अथवा प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
सितारगंज विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में 77 प्रतिशत मतदान हुआ है। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी मुख्यमंत्री विजय बहुगणा की जीत आरंभ से ही तय मानी जा रही है। श्रीबहुगुणा के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके लिए एक उपयुक्त विधानसभा क्षेत्र की तलाश शुरु हो गई थी। जब उनके लिए कांग्रेस के बजाए भाजपा के ही सितारगंज से विधायक किरण मण्डल ने सीट खाली कर दी तो भाजपा में काफी बवाल मचा। बसपा और समाजवादी पार्टी एवं अन्य स्थानीय दल भी इस उप चुनाव में विजय बहुगुणा के समर्थन में ही नजर आए। उन्होंने अपना प्रत्याशी खड़ा न कर एक तरह से उन्हें वाकओवर दे दिया।
भाजपा ने काफी जद्दोजहद के बाद अंतिम क्षणों में प्रकाश पंत को मैदान में उतारा, लेकिन बड़े नेता उनके लिए चुनाव प्रचार करने कम ही पहुंचे। भाजपा अपने परंपरागत वोटों एवं थारु जनजाति के मतदाताओं के बल पर ही मैदान में है। मतगणना 11 जुलाई को होगी।