हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद में सालों से कैद बंदियों के लिए शनिवार का दिन खुशियां लेकर आया। पूर्व राज्यपाल माग्रेट आल्वा ने अपने पिछले दौरे के दौरान कारागार में बंद कुछ उम्रदराज कैदियों को छोडऩे की घोषणा की थी। उसके बाद शासन से मिले निर्देशों पर शनिवार को उम्रकैद की सजा काट रहे आठ उम्रदराज कैदियों समेत दस कैदियों को रिहा कर दिया गया।
Advertisement
रिहाई के वक्त सभी कैदियों के परिजन जेल परिसर पहुंचे थे। रिहा होने वाले कैदियों में सर्वाधिक उम्र के कुशल सिंह (94) वासी उत्तरकाशी रहे। उम्रकैद की सजा काट रहे रिहा होने वाले कैदियों में गोविंद राम (90) वासी पौड़ी गढ़वाल, लक्ष्मण सिंह (83) वासी चंपावत, खुशहाल सिंह (40) वासी चंपावत, सुंदर सिंह (75) वासी अल्मोड़ा, भानुमती (78) वासी ऊधम सिंह नगर, धनराज (76) वासी देहरादून, नंदी देवी (72) वासी अल्मोड़ा हैं। अन्य कैदियों में शोभाराम (78) वासी हरिद्वार और नारायण सिंह (78) वासी ऊधम सिंह नगर को भी रिहा कर दिया गया।
जैसे ही जेल प्रशासन ने कैदियों को रिहा करने के आदेश दिए, उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने रिहा हुए कैदियों को गले से लगा लिया। जेल अधीक्षक महेंद्र सिंह ग्वाल ने बताया कि शासन से मिले निर्देश के बाद दस कैदी रिहा कर दिए गए हैं। इनमें से आठ उम्रकैद की सजा पाए थे, जबकि अन्य दो पांच- पांच वर्ष की कैद काट रहे थे।