शिमला। हिमाचल प्रदेश में जहां भाजपा सरकार की पहली वर्षगांठ (27 दिसंबर) को यादगार बनाने की तैयारियां चल रही हैं, वहीं तीन राज्यों- मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में जीत का परचम लहराने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी कार्यकर्ताओं में जोश भरने पहुंच गए हैं। उनके साथ बहन प्रियंका गांधी और उनके बच्चे भी हैं।
दिल्ली से मंगलवार को दोनों भाई- बहन हवाई जहाज द्वारा चंडीगढ़ पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग द्वारा शिमला के लिए रवाना हुए। रास्ते में सोलन (ब्रूरी) में एक ढाबे में उन्होंने हल्का जलपान किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। प्रियंका गांधी ने भी कार्यकर्ताओं के साथ खूब राजनीतिक चर्चा की।
राहुल गांधी ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस की तीन राज्यों में जबरदस्त जीत इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए बेताब है। कांग्रेस के लोग यदि एकजुट होकर काम करेंगे तो निश्चित रूप से केंद्र में हमारी सरकार की वापसी होगी।
राहुल गांधी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा, “ देखो भैया! देश में माहौल हमारे पक्ष में बन रहा है। सभी कार्यकर्ता मिलकर जोर लगाएंगे तो देखना कैसे मौसम बदलता है? काम इस तरह हो कि हिमाचल की भी चारों सीटें कांग्रेस की झोली में गिरे।” वे करीब आधा घंटा वहां रुके और उसके बाद शिमला को रवाना हो गए।
राहुल गांधी शिमला के छराबड़ा में एक निजी होटल में ठहरे हैं। इस होटल के नजदीक ही प्रियंका गांधी का मकान भी बन रहा है। दोनों भाई- बहन इस मकान के निर्माण कार्य का भी जायजा लेंगे।
मोदी- शाह पहुंचेंगे जश्न में- धर्मशाला। जयराम ठाकुर सरकार के 27 दिसंबर को एक वर्ष पूरा होने के जश्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी भाग लेंगे। धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों से चल रही हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।