शिमला। दिलचस्प तिकोने संघर्ष के बीच नगर निगम शिमला के लिए रविवार को चुनाव संपन्न हो गए। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग के अनुसार मतदान 64.81 प्रतिशत हुआ। निगम के वार्ड नंबर-8 (टूटीकंडी) में सबसे अधिक 74.71 प्रतिशत और वार्ड नं-6 (टूटू) में सबसे कम 50. 83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे आरंभ होगी और दोपहर तक परिणाम सामने आ जाने की उम्मीद है।
Advertisement
हिमाचल प्रदेश की एकमात्र प्रतिष्ठित नगर निगम शिमला में पहली बार महापौर और उप महापौर पदों के लिए चुनाव सीधे मतदान से हुआ है। अब तक इस निगम में कांग्रेस और भाजपा के मध्य ही मुकाबला होता रहा है, लेकिन इस बार माकपा ने दोनों दलों को कड़ी टक्कर दी है और इससे पहले के मुकाबले काफी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। माकपा ने चुनाव प्रचार में पहले ही बढ़त हासिल कर ली थी और उसने इस बढ़त को अंतिम समय तक बरकरार रखने का भरपूर प्रयास किया।
चुनाव प्रचार की रणनीति
तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी। कांग्रेस और भाजपा के पूरे शहर में बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगे थे और अखबारों में भी दोनों ही दलों के विज्ञापनों की भरमार रही। उधर, माकपा ने घर-घर प्रचार पर अधिक ध्यान दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रचार सामग्री के साथ हर घर में लगभग चार-चार बार अलख जगाई। शहर में न बड़े होर्डिंग्स लगाए और न ही किसी अखबार को कोई विज्ञापन दिया।
इस 25 वार्डों वाली नगर निगम में महापौर पद के लिए सात और उपमहापौर पद के लिए पांच प्रत्याशियों सहित 95 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुकाबला बहुत ही कड़ा एवं दिलचस्प है।