शिमला। हिमाचल प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों- जुब्बल- कोटखाई, अर्की और फतेहपुर में हुए उपचुनावों में जीतकर आए तीनों कांग्रेस विधायकों ने सोमवार को विधानसभा सचिवालय में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने पहले जुब्बल-कोटखाई से निर्वाचित रोहित ठाकुर, उसके बाद अर्की से जीतकर आए संजय अवस्थी और फिर फतेहपुर से विजयी भवानी सिंह पठानिया को शपथ दिलाई। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ सदस्यगण भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें इस समय सत्तारूढ़ भाजपा के 43, कांग्रेस के 22, सीपीआई(एम) का एक और दो निर्दलीय विधायक हैं। शपथ ग्रहण के बाद तीनों विधायक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से भी मिले। भवानी सिंह पठानिया और संजय अवस्थी पहली बार विधायक बने हैं, जबकि रोहित ठाकुर दो बार पहले भी विधायक रहे चुके हैं।
फतेहपुर से विधायक भवानी सिंह पठानिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 8 से 10 महीने का समय है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और वरिष्ठ मंत्री सुजान सिंह पठानिया के समय में ही फतेहपुर में विकास हुआ है। उनकी ओर से जो काम पूरे होने से रह गए हैं, उन्हें गति दी जाएगी। इनमें कॉलेज भवन, मिनी सचिवालय, पेयजल स्कीमें, सड़कें आदि शामिल हैं।
जुब्बल-कोटखाई से विधायक रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल- कोटखाई- नावर से जो भी वायदे किए हैं, उन्हें बखूबी निभाया जाएगा। उपचुनाव में भाजपा सरकार को चार वर्ष बाद इस विधानसभा क्षेत्र की याद आई। बागवानों से जो वायदे किए हैं, वह पूरे होंगे। समय कम है, काम ज्यादा है। ऐसे में सड़कें, बागवानी, पानी और सिंचाई योजनाओं पर फोकस रहेगा।
अर्की से विधायक संजय अवस्थी ने बताया कि जनता ने जो उन्हें सम्मान दिया है, उनकी जो उम्मीदें है, उन पर खरा उतरेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अर्की विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उनके कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। सड़कें, बिजली, पानी, सिंचाई योजना व अन्य जनहित विकास कार्यों पर फोकस रहेगा।