नई दिल्ली। दिल्ली की बवाना विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रत्याशी राम चंद्र की शानदार जीत हुई है। उन्होंने निकट प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश को करीब 24000 मतों से पराजित किया, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगमों (MCDs) के चुनाव से ठीक पूर्व आम आदमी पार्टी के विधायक वेद प्रकाश पार्टी को छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए थे, जिस कारण विधानसभा की यह सीट खाली हो गई थी। तीन दिन पूर्व ही बवाना की इस सीट पर उपचुनाव हुआ था, जिसमें भाजपा ने आप के बागी विधायक वेद प्रकाश को अपना प्रत्याशी बनाया था। कुछ माह पूर्व तक विधायक रहे वेद प्रकाश अब पूर्व विधायक हो गए।
चुनाव में आप के प्रत्याशी राम चंद्र को 59,844 वोट मिले, जबकि भाजपा के वेद प्रकाश को मात्र 35, 934 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार को 31, 919 वोट मिले। बवाना का यह उप चुनाव भाजपा के लिए करारा झटका माना जा रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी के लिए इसलिए काफा राहत की खबर है, क्योंकि दिल्ली नगर निगमों के चुनाव में इसे पराजय का सामना करना पड़ा था।
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस हार की जिम्मेदारी ली है और कहा है कि इसकी समीक्षा की जाएगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस जीत के लिए बवाना की जनता को बधाई दी है और सहयोग के लिए आभार जताया है।