देहरादून। सहारनपुर का एक लड़का बड़े अरमानों के साथ दूल्हा बन कर अपने सपनों की शहजादी लेने देहरादून पहुंचा, परंतु यहां तथाकथित दुल्हन और उसके परिजनों ने साफ कह दिया कि उन्हें तो इस रिश्ते के बारे में कोई जानकारी ही नहीं है। बाद में पुलिस ने जैसे-तैसे समझा बुझाकर बारात वापस की।
Advertisement
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहारपुर से एक बारात बैंडबाजे के साथ देहरादून के झाझरा के लिए चली। दूल्हे के साथ नाचते-गाते बाराती झाझरा पहुंचे तो पहले तो उन्हें दुल्हन का घर ही नहीं मिला। एक गांव से दूसरे गांव की खाक छानने के बाद मुश्किल से दुल्हन के घर का पता चला। सुकून की सांस लेते हुए जैसे ही उन्होंने तथाकथित दुल्हन के दरवाजे पर दस्तक दी तो पाया कि वहां कोई भी नहीं था। आंगन में घंटों इंतजार के बाद जब तथाकथित दुल्हन अपनी बहन के साथ घर पहुंची तो बारात को देख कर दोनों हैरान रह गईं। पूछने पर उन्होंने बारातियों से साफ कह दिया कि उन्हें इस रिश्ते के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यहां फजीहत झेलने के बाद वर पक्ष ने प्रेमनगर पुलिस चौकी जाकर आपबीती सुनाई, जिससे सारी कहानी खुल कर सामने आई।
पुलिस चौकी प्रभारी यादवेंद्र बाजवा के अनुसार सहारनपुर निवासी नाथीराम के करीबी एक व्यक्ति ने बिचौलिए की भूमिका निभाते हुए उनके बेटे विक्रम की शादी की बात झाझरा निवासी एक युवती से चलाई। लगभग एक पखवाड़े पहले उसने शादी भी पक्की कर दी और शादी का दिन भी। अचरज यह कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच न तो कोई बात हुई और न ही शादी की तैयारियों पर किसी तरह की चर्चा की गई।
उधर, बिचौलिये के द्वारा बताए गए दिन विक्रम सहारनपुर से बैंड बाजे के साथ बारात लेकर झाझरा को रवाना हो गया। नाचते गाते बारातियों को पहले तो घर का ही पता नहीं मिला। जगह-जगह पूछताछ करने पर पता चला कि लड़की वालों ने घर शिफ्ट कर लिया है। बाराती दिनभर वधू पक्ष का घर ढूंढते रहे, शाम को बमुश्किल पता चला कि लड़की वाले कंडोली में रह रहे हैं। बारात फिर से जोश के साथ आगे बढ़ी, लेकिन जब वे कंडोली में वधू पक्ष के घर पहुंचे तो पाया कि वहां कोई नहीं था। काफी देर बाद सादे कपड़ों में लड़की अपनी बहन के साथ घर पहुंची तो आंगन में बारात देख कर हैरान रह गईं। उन्होंने बारातियों से साफ कह दिया कि उन्हें इस रिश्ते के बारे में कोई जानकारी नहीं है। लड़की ने कहा कि उसे कोई शादी नहीं करनी है। अंतत: थक हारकर बाराती प्रेमनगर पुलिस चौकी पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने जैसे-तैसे समझा बुझा कर बारात वापस भेजी।