धर्मशाला। पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बीड़ बिलिंग में 26 अक्तूबर से दो नवंबर के मध्य पैराग्लाइडिंग क्रॉस कंट्री वर्ल्ड कप कराने की तैयारियां चल रही हैं। पैराग्लाइडिंग के एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप की सफलता के बाद अब बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने खेल की सर्वोच्च संस्था पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप एसोसिएशन (पीडब्ल्यूसीए) के समक्ष आगामी अक्टूबर- नवंबर में घाटी में पैराग्लाइडिंग क्रॉस कंट्री का वर्ल्ड कप करवाने के लिए आवेदन कर दिया है। अनुमति मिलने की उम्मीद की जा रही है।
बीड़ बिलिंग घाटी में पिछले 10 वर्षों के दौरान क्रॉस कंट्री की किसी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता संभव नहीं हो सकी है और 2017 में प्रशासन ने अपने तौर पर एक राष्ट्रीय स्तर की क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता करवाई थी। अक्टूबर- नवंबर का समय घाटी में लंबी दूरी की पैराग्लाइडिंग उड़ानों के लिए अनुकूल रहता है और क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के लिए बिलिंग घाटी दुनिया में दूसरे नंबर की साइट है।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पायलट क्रॉस कंट्री पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तत्पर रहते हैं। अक्टूबर- नवंबर माह में पैराग्लाइडिंग क्रॉस कंट्री वर्ल्ड कप होने से क्षेत्र में पर्यटन को भी खासा लाभ होने की उम्मीद है। लंबे अरसे के बाद होने वाली इस प्रतियोगिता में दुनिया के भर के खिलाड़ी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे।
बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के निदेशक अनुराग शर्मा ने बताया कि 26 अक्तूबर से दो नवंबर के मध्य पैराग्लाइडिंग क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के वर्ल्ड कप के लिए आवेदन किया गया है। अनुमति मिलने पर प्रदेश सरकार के सहयोग से यह आयोजन करवाया जाएगा।