मंडी। सराज हलके की लुआई बीड़ नामक जगह पर देवताओं को लेकर चल रहा विवाद एकाएक हिंसक रूप धारण कर गया, जिसमें महिला पुलिस कर्मी सहित तीन पुलिस वाले घायल हो गए। 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
क्षेत्र में देव श्री लक्ष्मी नारायण नाम से दो देवता हैं। एक नया व दूसरा पुराना। दोनों देवताओं के अनुयायियों के अलग- अलग दल हैं। मंदिर में किस देवता को प्रवेश दिया जाए, इसे लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा है। एक दल नए देवता को मंदिर के अंदर रखना चाहता, जिसका विरोध दूसरे दल के लोग कर रहे हैं। कुछ वर्ष पहले यह मामला अदालत में भी गया था, जहां से यथास्थिति बनाए रखने का आदेश मिला था।
सराज हलके की लुआई बीड़ में गत दिवस भी देवता लक्ष्मी नारायण को मंदिर में प्रवेश करवाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद को रोकने आई पुलिस टीम पर उग्र लोगों ने पथराव कर दिया, जिस कारण तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपितों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
पुलिस टीम बालीचौकी के गांव खुहण मंजाहो में देव श्री लक्ष्मी नारायण के होम (धार्मिक कार्यक्रम) में गई हुई थी। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं ने देव लक्ष्मी नारायण के देवरथ के साथ खुहण से देवता के मूल स्थान लुआई बीड़ में मंदिर की परिक्रमा की और देवता को मंदिर के अंदर ले जाने लगे।
मौके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें यह कहते हुए रोका कि न्यायालय के आदेश के चलते देवता को अंदर नहीं ले जा सकते। इस पर कुछ लोगों ने गुस्से में आकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी और पुलिस कर्मियों को धकेल कर देवता के रथ को मंदिर के अंदर ले गए। इसके बाद जब पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए देवता के रथ को बाहर निकाला तो लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।
पत्थराव के कारण आरक्षी महेंद और महिला कर्मचारी लीला देवी के साथ एसएचसी दयाराम को टांग में चोट आई है। इसके बाद दयराम की शिकायत पर 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एएसपी सागर चंद्र शर्मा ने यह जानकारी देते हुए कहा कि मामले की जांच जारी है।