Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
बद्दी। हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी आगामी संसदीय चुनावों में सभी चारों सीटों पर चुनाव लड़ेगी तथा इसके लिए पूरे प्रदेश में प्रचार अभियान शुरू कर दिया गया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक देसराज शर्मा ने यह बात अपने प्रदेश व्यापी दौरे के दौरान आज दून विधानसभा क्षेत्र के तहत बद्दी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि संगठन को प्रदेश भर में बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों को लेकर हर घर द्वार तक दस्तक देंगे। इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि 23 फरवरी को बद्दी के बाजार में झाड़ू यात्रा निकाल्ली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे।
देसराज शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की आजादपुर मंडी में फल एवं सब्जी विक्रेताओं से पिछले कई दशकों से वसूले जा रहे अवैध टैक्स को समाप्त कर प्रदेश के सेब उत्पादकों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश के बागवान भाजपा और कांग्रेस की सरकारों से यह टैक्स समाप्त करने के लिए लंबे अरसे से संघर्ष कर रहे थे। अदालत ने भी अपने फैसले में इस मनमाने टैक्स को अवैध घोषित किया था, लेकिन उसके बावजूद किसी भी सरकार ने इस फैसले को लागू नहीं किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ध्यान में जैसे ही यह मामला आया, उन्होंने तुरंत आदेश पारित कर इसे लागू कर दिया।
आम आदमी पार्टी के नेता ने मीडिया और कार्यकर्ताओं की जिज्ञासा का निवारण करते हुए स्पष्ट कर दिया कि कांगड़ा संसदीय सीट से राजन सुशांत को टिकट नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे लोगों को आगे लाना चाहती है, जिन्होंने समाज के लिए कुछ ठोस किया हो या फिर स्वच्छ छवि के ऐसे युवा जो समाज के प्रति सकारात्मक सोच रखते हों। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विद्युत राज्य है। पार्टी की सोच है कि यहां आम जनता को मुफ्त बिजली और पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यदि पार्टी हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आती है तो आम जनता को मुफ्त बिजली व पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर पार्टी के संयोजक देसराज शर्मा के साथ दून के संयोजक आरएल वर्मा, संजीव कौशल, अशोक आर्या, राकेश कुमार, विपिन कुमार, रमेश कुमार, मोहन लाल, श्याम लाल समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।