Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
कुल्लू। कुल्लू जिला की नजां बीट में वन माफिया ने बर्फबारी का लाभ उठाते हुए देवदार और कायल के 31 हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला डाली। सूचना मिलने पर पुलिस दल जब जंगल में पहुंचा तो इतना अंधाधुंध कटान देख कर दंग रह गया। पुलिस ने पेड़ों को काटकर बनाए गए स्लीपरों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। इस आरक्षित जंगल में एक ही जगह इतना अधिक कटान होने के कारण वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी भी संदेह के घेरे में आ गए हैं।
डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने मीडिया को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नजां बीट में बड़े पैमाने पर अवैध कटान हुआ है। इस पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो स्थिति को देखकर हैरान रह गया। जांच में पाया गया कि काटे गए पेड़ों में 26 देवदार और 5 काईल के शामिल हैं। इन पेड़ों को काटकर माफिया ने स्लीपर तैयार कर लिए थे। ये स्लीपर कहां सप्लाई किए जाने थे, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। उनके अनुसार बरामद लकड़ी की कीमत 35 लाख के करीब आंकी गई है।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना स्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर ली है। अब देखना यह है कि इस अवैध कटान के पीछे कौन है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 371 और भारतीय वन अधिनियम की धारा 32 व 33 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है। जल्द ही सभी दोषी पुलिस हिरासत में होंगे।