नई दिल्ली। दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी ‘आप’ से राष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों को काफी उम्मीदें
एक अंग्रेजी अखबार द्वारा आठ सबसे ज्यादा आबादी वाले शहरों-दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलूर, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद में कराए गए सर्वे रिपोर्ट के अनुसार 81 फीसद लोग चाहते हैं कि आप का राष्ट्रीय स्तर पर उभार हो। जहां तक देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में पहली पसंद का सवाल है 58 फीसद लोगों ने नरेंद्र मोदी को चुना। 25 फीसद ने अरविंद केजरीवाल और सिर्फ 14 फीसद ने राहुल गांधी को अपनी पसंद बताया। हालांकि, चेन्नई और मुंबई में लोगों ने मोदी के बजाय केजरीवाल को तरजीह दी। आश्चर्यजनक रूप से मोदी के घर अहमदाबाद में भी 31 फीसद लोगों ने पीएम पद के लिए केजरीवाल को बेहतर विकल्प बताया।
सर्वे में इस बात पर लोग बंटे नजर आए कि आप अगर बेहतर करता है तो किस पार्टी को ज्यादा नुकसान होगा। सर्वे में हिस्सा लेने वाले एक तिहाई से कुछ कम लोगों ने कहा कि सबसे ज्यादा नुकसान भाजपा को होगा, जबकि एक चौथाई का मानना है कि कांग्रेस को नुकसान पहुंचेगा। औसतन लोगों का मानना है कि दोनों पाटियों को बराबर नुकसान होगा। सबसे आश्चर्य की बात यह रही कि चेन्नई में 44 फीसद लोगों का मानना है कि यहां की दो प्रमुख प्रमुख क्षेत्रीय पाटियों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ेगा। इस सर्वे में कुल 2,015 लोगों की राय ली गई। ये लोग 18 से 45 साल की उम्र के हैं।