ऊना। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिहं ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये से अधिक की
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय विधायक मुकेश अग्निहोत्री के अथक प्रयासों से व्यापक विकास कार्य हो रहे हैं। प्रदेश सरकार हरोली के साथ-साथ राज्य के हर क्षेत्र के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है इसी कारण आज हिमाचल प्रदेश देश भर में विकास का मॉडल बनकर उभरा है। सरकार विकास के मामले में क्षेत्र और लोगों से कोई भेदभाव नहीं रखती है, जबकि कुछ लोग इस तरह की भ्रांति फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऊना जिले में विकास कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल के दौरान बनाई गई नीतियों का प्रतिफल है। जिले में और कई विकास परियोजनाएं आरम्भ की जा रही हैं। सरकार ने जिले में स्वां नदी तटीकरण परियोजना के कार्यों को आरम्भ किया है। इसके तहत स्वां नदी की सभी 73 सहायक नदियों का तटीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत बाथू में 27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 133 केवी विद्युत उप केन्द्र का लोकार्पण किया। इस उप केन्द्र से क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या दूर होगी और ट्रांसमिशन व वितरण नुकसान में भी कटौती होगी। इसके अतिरिक्त, संतोषगढ़ और टाहलीवाल के औद्योगिक क्षेत्र, गुड़पला, गोंदपुर, पुबोवाल, कुठाड़, दुलैहड़, लहैड़ी तथा अन्य साथ लगते क्षेत्र भी इससे लाभान्वित होंगे। बाथू में ही उन्होंने 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 33 केवी विद्युत उप केन्द्र की आधारशिला भी रखी। इस उप केन्द्र से क्षेत्र की 8 पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे। वीरभद्र सिंह ने 17.25 करोड़ रुपये की लागत से संतोषगढ़ में पंजाब की सीमा से ऊना तक बनखंडी-झलेड़ा सड़क मार्ग के सुधार और सुदृढ़ीकरण के लिए भूमि पूजन किया, जिसके लिए निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं। उन्होंने हरोली में उपमण्डलीय पुलिस अधिकारी कार्यालय की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि हरोली में विद्युत उपमण्डल स्थापित करने के मामले पर सम्बन्धित मंत्री से विचार विमर्श के उपरांत निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने हरोली में सभागार बनाने की घोषणा भी की।
उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में हरोली विधानसभा क्षेत्र की जनता को 50 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने हरोली के बाथू में 133 के.वी. व 33 केवी विद्युत उपकेन्द्रों के लिए इस अवसर पर उपस्थित ऊर्जा एवं कृषि मंत्री का भी धन्यवाद किया। विपक्ष के बयानों पर चुटकी लेते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा ने हरोली क्षेत्र में मुख्यमंत्री के दौरों की आलोचना आरम्भ कर दी है, क्योकि उन्हें एहसास हो गया है कि हरोली में करोड़ों रुपये के विकासात्मक कार्य हो रहे हैं। उद्योगमंत्री ने कहा कि ऊना जिले के अम्ब में शीघ्र ही 300 करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक इकाइयां आ रही हैं।
ऊर्जा एवं कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सचिव राकेश कालिया ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के निदेशक मण्डल के सदस्य वीरेन्द्र धर्माणी, हरोली खण्ड कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, जिला परिषद सदस्य सुमन ठाकुर, ग्राम पंचायत बाथू की प्रधान व जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुरेखा राणा, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष सुभाष मंगलेट, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष जगदीश चंद सपहिया, हिमाचल प्रदेश एग्रो पैकेजिंग बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा, जिला विपणन समिति के अध्यक्ष शिव कुमार सैणी आदि भी इस अवसर पर उपस्थित थे।