Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
बद्दी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ सीबीआई कार्रवाई के रोष में दून कांग्रेस ने विधायक राम कुमार चौधरी के नेतृत्व में शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इससे पूर्व कांग्रेसियों ने नगर परिषद बद्दी के समीप एकत्रित होकर वहां से बस स्टैंड होते हुए टैक्सी यूनियन तक रोष रैली भी निकाली और वहां विधायक ने नरेंद्र मोदी के पुतले को आग लगाई। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के खिलाफ और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।
राम कुमार चौधरी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार अपनी विफलताओं से लोगों का ध्यान बंटाने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है। विरोधियों को परेशान करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने जिस मामले में वीरभद्र सिंह के ठिकानों पर छापामारी की है, वास्तव में वह इसकी पहले भी जांच कर चुकी है और क्लीन चिट देते हुए अदालत में क्लोजर रिपोर्ट पेश कर चुकी है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार भी जानती है कि सीबीआई को इसमें कुछ भी हाथ नहीं लगेगा। इसीलिए नाजायज उत्पीड़न के उद्देश्य से जानबूझ कर उस दिन छापामारी की गई जिस दिन वीरभद्र के घर बेटी की शादी चल रही थी। यही नहीं ठीक उसी दिन केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने दिल्ली में वीरभद्र सिंह को वह बंगला खाली करने का भी नोटिस जारी किया जो उन्हें इस्पातमंत्री रहते अलाट किया गया था। राम कुमार चौधरी ने कहा कि यह सब कोई संयोग नहीं है, बल्कि जानबूझ कर मुख्यमंत्री को जलील करने के लिए ऐसा किया गया है। प्रदेश की जनता इसके लिए भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी, क्योंकि वीरभद्र सिंह की साफ छवी किसी से भी छुपी नहीं है।
विधायक ने कहा कि देश के सबसे बड़े व्यापम घोटाले में भाजपा के कई नेता शामिल हैं, उनकी कोई जांच नहीं हुई। सुषमा स्वाराज पर कई सवाल उठे, लेकिन सरकार ने कुछ नहीं किया। इस दौरान और भी अनेक हजारों करोड़ रुपये के भाजपाई भ्रष्टाचार उजागर हुए, लेकिन उन्हें कोई नहीं रोक रहा। जांच एजेंसियां केवल विरोधियों को नाजायज तंग करने में लगा रखी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
इस मौके पर बद्दी नगर परिषद के अध्यक्ष चौधरी मदन लाल, राम प्रकाश रनोट, सुभाष ठाकुर, करनैल चौधरी, प्रधान रामरत्न, रामेश्वर प्रधान, अच्छरपाल कौशल, संजीव कुमार संजू, महावीर सिंह, हरि सिंह, दयाराम रेंजर, हरबंश ठाकुर, नैबी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।