Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में अंततः वीरवार को सीबीआई ने केस दर्ज कर लिया और इसके साथ ही प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने मुख्यमंत्री से तुरंत त्यागपत्र की मांग की है।
वीरभद्र सिंह पर केंद्र में इस्पात मंत्री रहते हुए 6.1 करोड़ रूपये की अतिरिक्त संपत्ति बनाने का आरोप है। सीबीआई ने इस मामले में वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह, बेटा विक्रमादित्य सिंह और बेटी अपराजिता को भी अभियुक्त बनाया हैं। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री दिल्ली की ओर रवाना हो गए हैं।
सीबीआई ने वीरभद्र सिंह के परिवार के सदस्यों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। इससे पहले भी वीरभद्र सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं। मुख्यमंत्री पर पिछले कई वर्षों से भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। इनमें कई मामलों में वे बरी भी हो चुके हैं। हाल ही में भी वीरभद्र सिंह को बहुचर्चित सीडी मामले से हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राहत दी थी, लेकिन अब एक बार फिर उन पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गणेश दत्त ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वीरभद्र सिंह को अब मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें तुरंत त्यागपत्र देना चाहिए। वीरभद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज होने से भाजपा ही नहीं बल्कि कांग्रेस में उनके विरोधियों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। माना जा रहा है कि यह धड़ा भी पार्टी हाई कमान पर वीरभद्र सिंह के त्यागपत्र के लिए दबाव बना सकता है।