Warning: substr_count(): Empty substring in /home2/himnefg6/public_html/wp-content/plugins/ads-for-wp/output/functions.php on line 1274
नई दिल्ली। केद्रीय मंत्रिमंडल में अंततः हिमाचल प्रदेश को स्थान मिल ही गया। प्रदेश के बिलासपुर जिले से संबंधित जेपी नड्डा ने रविवार को मोदी मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में स्थान पा लिया। इसे प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तोहफे के रूप में देखा जा रहा है। संसदीय चुनाव में प्रदेश की जनता ने चारों सीटें भाजपा की झोली में डाली थी।
मोदी मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर सहित चार लोगों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। पर्रिकर के अलावा शिव सेना नेता सुरेश प्रभु, भाजपा के महासचिव जेपी नड्डा और हरियाणा के जाट नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा तीन लोगों को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 14 को राज्य मंत्री बनाया गया है।
राष्ट्रपति प्रणब मुख़र्जी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सबसे पहले पर्रिकर ने केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। उनके बाद सुरेश प्रभु, जेपी नड्डा और बीरेंद्र सिंह ने शपथ ली।
राज्य मंत्रीः इन चार कैबिनेट मंत्रियों के बाद बंडारू दत्तात्रेय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ लेने वाले पहले नेता रहे। उनके बाद राजीव प्रताप रूडी और डॉक्टर महेश शर्मा ने शपथ ली। नए राज्य मंत्रियों में मुख्तार अब्बास नकवी, रामकृपाल यादव, हरिभाई चौधरी, सांवर लाल जाट, गिरिराज सिंह, मोहन भाई कल्याणी भाई कुंडरिया, हंसराज अहीर, रामशंकर कठेरिया, वाई एस चौधरी, जयंत सिन्हा, राज्यवर्द्धन सिंह राठौर, बाबुल सुप्रियो, निरंजन ज्योति और विजय सांपला शामिल हैं।
मई में सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार मंत्रिमंडल में विस्तार किया है।